धोरैया : कोई काहु मगन तो काहु मगन, वाली कहावत चलनामोड़ में चरितार्थ होती दिखी. सड़क दुर्घटना में एक ओर जहां बिस्कुट लदे ट्रक से कुचल कर 14 वर्षीय आबिद अंसारी की मौत हो गयी. वहीं हाट का दिन होने के कारण हजारों की संख्या में जुटी भीड़ में कुछ असामाजिक तत्व अलग ही फिराक में नजर आये़ भारी तनावपूर्ण माहौल के बीच कुछ असामाजिक तत्व ट्रक में लदे बिस्कुट को लूटने की योजना बना रहे थे. लेकिन सामाजिक समन्वय बनाये रखने के लिये मौजूद कुछ बुद्धिजीवियों की सक्रियता से उनकी एक नहीं चली.
हालांकि रात भर ट्रक व उसमें लदे समान की देखरेख भी प्रशासन के लिये एक चुनौती होगी. बहरबहाल, घटना से काफी तनाव का माहौल कायम है. प्रशासन को विधि व्यवस्था संचालित करने में काफी मशक्कत करनी पड़ रही है. इधर, मृतक के परिजनों में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है. मृतक के माता पिता दहाड़ मारकर रो रहे हैं. परिजनों की चीत्कार से गांव की हरेक आंखें नम है. मृतक अपने आठ भाई बहनों में सातवां था.
