बांका : जिले में लगातार हो रहे बालू के अवैध उठाव व उत्खनन पर अब डीएम भी काफी सख्त हो चुके हैं. रजौन स्थित कोतवाली अमहारा मैदान पर उद्घाटन भाषण के दौरान सीएम नीतीश कुमार के अवैध बालू उठाव पर शख्त कार्रवाई करने के निर्देश के बाद डीएम ने अधिकारियों को कठोर आदेश देते हुए प्रतिबंधित घाटों से बालू के अवैध उठाव को पूरी तरह बंद करवाने को कहा है. गुरुवार को प्रभात खबर से बात करते हुए डीएम डॉ निलेश देवरे ने बताया कि वह पूर्व से भी बालू के अवैध कारोबार पर लगाम लगाते रहे हैं. उसी के फलस्वरूप पिछले दिनों एक बड़ी कार्रवाई की गयी थी.
जिसमें करीब 142 ट्रकों को अवैध बालू लोड करने के आरोप में जब्त किया गया था. उन्होंने बताया कि अब तक 548 ट्रक व ट्रैक्टर को जब्त किया गया है. वहीं प्रशासन द्वारा की गयी कार्रवाई में ओवर लोडिंग से करीब चार करोड़ व अवैध उत्खनन से 1 करोड़ 20 लाख रुपया राजस्व की वसूली की गयी है.
डीएम ने बताया कि मुख्यमंत्री के द्वारा अवैध बालू पर रोक लगाने पर उनकी सराहना भी की गयी है. उन्होंने बताया कि पूर्व में भी अवैध बालू के कारोबार पर लगाम लगाने के लिए टीम बनायी गयी है. जिसमें एसडीओ, एसडीपीओ, वन विभाग के अधिकारी व राजस्व विभाग के अधिकारी शामिल है. इन लोगों को भी आदेश दिया गया है कि जिले से अवैध बालू का कारोबार पूरी तरह से बंद हो यह सुनिश्चित करें. उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति उनको कभी भी अवैध बालू के संबंध में उनके मोबाइल पर संपर्क कर सकता है.
