कार्रवाई . खाद कालाबाजारी की आशंका में चांदन बीसीओ व बीएओ ने की छापेमारी
आनंदपुर ओपी के भैरोगंज स्थित कुसुमजोरी पैक्स गोदाम व दक्षिणी बारणे पैक्स गोदाम एवं सूइया ओपी क्षेत्र अंतर्गत धनुवसार पैक्स गोदाम को अधिकारियों ने सील कर दिया़ छापामारी अभियान में चांदन प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी. प्रखंड कृषि पदाधिकारी एवं चांदन थाना के सअनि शामिल थे.
कटोरिया/चांदन : खाद की कालाबाजारी किये जाने की शिकायत पर शनिवार को चांदन बीडीओ श्याम कुमार द्वारा गठित तीन सदस्यीय जांच टीम ने छापामारी अभियान चलाया. इस क्रम में आनंदपुर ओपी के भैरोगंज स्थित कुसुमजोरी पैक्स गोदाम व दक्षिणी बारणे पैक्स गोदाम एवं सूइया ओपी क्षेत्र अंतर्गत धनुवसार पैक्स गोदाम को अधिकारियों ने सील कर दिया़ छापामारी अभियान में चांदन प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी राजीव कुमार रंजन, प्रखंड कृषि पदाधिकारी धर्मेंद्र कुमार एवं चांदन थाना के सअनि सुरेंद्र पांडेय शामिल थे. जानकारी के अनुसार छापामारी टीम सबसे पहले भैरोगंज बाजार में चलने वाले कुसुमजोरी पैक्स के खाद गोदाम पर पहुंची. वहां करीब 80 बोरा डीएपी खाद एवं 21 बोरा इफको यूरिया खाद मौजूद था़
पैक्स अध्यक्षों में हड़कंप
अधिकारियों ने जब पैक्स अध्यक्ष महेंद्र प्रसाद साह से खाद से संबंधित कागजात, स्टॉक रजिस्टर आदि की मांग की, तो उन्होंने कहा बताया कि सारा रजिस्टर घर पर है. इस दुकान में मूल्य तालिका भी नहीं टांग कर रखा गया था. अधिकारियों ने तत्काल दुकान को सील कर दिया.
पैक्स अध्यक्ष को सभी रजिस्टर के साथ चांदन मुख्यालय बुलाया गया है. बीसीओ राजीव कुमार रंजन ने बताया कि यह दुकान विधिवत कुसुमजोरी पैक्स में संचालिता होना चाहिए. लेकिन बिना किसी अधिकारी के अनुमति के ही अवैध ढंग से इसे दक्षिणी बारणे पैक्स क्षेत्र के भैरोगंज में संचालित किया जा रहा था. इधर कुसुमजोरी पैक्स गोदाम में अधिकारियों द्वारा किये गये कार्रवाई से क्षेत्र के अन्य पैक्स अध्यक्षों में हड़कंप मच गया.
जांच टीम जब दक्षिणी बारणे पैक्स व धनुवसार पैक्स गोदाम पहुंचे, तो दोनों बिना किसी पूर्व सूचना के बंद पाया गया. बीसीओ ने जब दक्षिणी बारणे पैक्स अध्यक्ष अभिमन्यु वर्णवाल एवं धनुवसार पैक्स अध्यक्ष सुरेश मोदी से मोबाइल पर संपर्क किया, तो उन्होंने बीसीओ को बताया कि वे अभी भागलपुर में हैं. इसके बाद अधिकारियों ने इन दोनों पैक्सों के गोदामों को भी सील कर दिया.
