शहर के गांधी चौक तथा आसपास, कचहरी रोड, कटोरिया रोड आदि में सड़कों के किनारे पर अवैध रूप से बनायी गयी दुकानों, गुमटियों, होटलों आदि को बुलडोजर के जरिये ध्वस्त कर दिया गया.
बांका : का शहर के अतिक्रमणकारियों पर सोमवार को एक बार फिर से प्रशासन का डंडा चला. इस बार सड़कों के किनारे अवैध रूप से अतिक्रमित भूमि पर बनाये गये ढांचे पर जमकर बुलडोजर चला. देखते ही देखते शहर के गांधी चौक तथा आसपास, कचहरी रोड, कटोरिया रोड आदि में सड़कों के किनारे पर अवैध रूप से बनायी गयी दुकानों, गुमटियों, होटलों आदि को बुलडोजर के जरिए ध्वस्त कर दिया गया. अतिक्रमण हटाने के बाद ये सड़कें और गांधी चौक न केवल साफ सुथरे और चौड़े दिखने लगे बल्कि यातायात में भी लोगों को काफी सुविधा होने लगी है. शहर का स्वरूप ही बदल गया है. कुछ दिन पूर्व भी इसी तरह
अतिक्रमणकारियों पर प्रशासन का डंडा चला था. तब सड़कों के किनारे अतिक्रमित भूमि पर अवैध रूप से निर्माण कर अपनी दुकान चलाने वालों ने जम कर हो हल्ला भी किया था कि उनकी रोजी रोटी छीन गयी, उनका पुनर्वास नहीं किया गया, उनके घरों में चूल्हे नहीं जले हैं आदि. लेकिन प्रशासन की थोड़ी सुस्ती के साथ ही अतिक्रमणकारी फिर से सड़कों के किनारे काबिज हो गये. फलस्वरुप स्थिति जस की तस हो गयी. ज्ञात हो कि करीब एक माह पूर्व अनुमंडल दंडाधिकारी के नेतृत्व में हुई एक महत्वपूर्ण बैठक में शहर को अतिक्रमण मुक्त कराने का निर्णय लिया गया था. इसके बाद से ही बार-बार शहर के अतिक्रमणकारियों को अपनी अपनी दुकाने और अवैध निर्माण हटा लेने की चेतावनी दी गयी. लेकिन इसकी अनदेखी करने पर अंततः सोमवार को प्रशासन को खुद पहल करनी पड़ी.
कड़ी थी सुरक्षा व्यवस्था
बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स के साथ प्रशासनिक अधिकारी इस अतिक्रमण हटाओ अभियान की मॉनीटरिंग कर रहे थे. ज्ञात हो कि उच्च न्यायालय ने भी सड़कों के किनारे हुए अवैध अतिक्रमण को हटाने का आदेश प्रशासनिक महकमे को दे रखा है. मंगलवार को पटना हाइकोर्ट के इंस्पेकटिंग जज भी यहां आ रहे हैं. इसे देखते हुए भी सोमवार को शहर की सड़कों पर सफाई अभियान चलाया गया.
