बेटे को नहीं पिला पाये कोल्ड ड्रिंक

संजीव पाठक बौंसी : रेफरल अस्पताल में चीत्कार कर रही दिलीप की पत्नी ने कहा कि घटना से कुछ देर पहले ही उनसे मोबाइल पर बात हुई थी. बेटा घर में कोल्ड ड्रिंक की मांग कर रहा था तो उन्होंने पति को मोबाइल पर कोल्ड ड्रिंक लेकर आने को कहा. दिलीप ने कहा भी कि […]

संजीव पाठक
बौंसी : रेफरल अस्पताल में चीत्कार कर रही दिलीप की पत्नी ने कहा कि घटना से कुछ देर पहले ही उनसे मोबाइल पर बात हुई थी. बेटा घर में कोल्ड ड्रिंक की मांग कर रहा था तो उन्होंने पति को मोबाइल पर कोल्ड ड्रिंक लेकर आने को कहा. दिलीप ने कहा भी कि वह कुछ ही देर में घर पहुंच जायेंगे.
रास्ते में ही हैं लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था. मोबाइल बंद करने के बाद कुछ ही दूर आगे बढ़े कि अपराधियों ने गोली मार दी और उनकी मौत हो गयी. दिलीप ने दो शादी की है. पहली पत्नी मानसिक रूप से बीमार थी, जो गांव में ही रहती है. दूसरी पत्नी के साथ वे रेफरल अस्पताल के पास अपने मकान में रहते थे. उनके भाई घनश्याम पंजियारा सामाजिक कार्यकर्ता हैं. रेफरल अस्पताल में भाई की मौत से दुखी घनश्याम कुछ भी बोलने की स्थिति में नहीं थे. उनकी आंख से आंसू रुक नहीं रहे थे.
लचर सुरक्षा व्यवस्था के खिलाफ दिखा आक्रोश : रेफरल अस्पताल बाजार में होने के कारण बाजार के व्यवसायी और अन्य लोग पहुंचे. जैसे ही घटना की जानकारी मिली तो उनका आक्रोश फूट पड़ा.
लोगों का कहना था कि अपराधियों का मनोबल इस कदर बढ़ चुका है कि अब भीड़ भाड़वाले इलाके में भी घटना को अंजाम देने लगे हैं. लोगों ने कहा कि यदि पुलिस की गश्त होती तो यह घटना नहीं होती. व्यवसायियों ने कहा कि यदि पुलिस ने शीघ्र ही अपराधियों को गिरफ्तार नहीं किया तो आंदोलन करेंगे. रेफरल अस्पताल में अमरपुर विधायक जनार्दन मांझी, बौंसी बीडीओ अमर कुमार मिश्रा, इंस्पेक्टर त्रिपुरारी सिंह, सीओ संजीव कुमार आदि भी जमे थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >