कटोरिया : हार व झारखंड को जोड़ने में भले ही देवघर-बांका रेलखंड पर शुरू हुए रेल परिचालन ने सेतु का कार्य किया है. लेकिन इस रूट पर सिर्फ एक पैसेंजर ट्रेन का परिचालन होने से क्षेत्र के लोगों में काफी निराशा है. स्थानीय लोगों, जनप्रतिनिधियों, व्यवसायियों, गृहणियों व छात्र-छात्राओं ने भी इस रेल लाइन पर लंबी दूरी के ट्रेनों के परिचालन की मांग की है. टोनापाथर-गोड्डा गांव निवासी ठाकुर डीएन सिंह ने देश के रेलमंत्री सुरेश प्रभु से शीघ्र भागलपुर टू देवघर ट्रेन देने की मांग की है.
युवा व्यवसायी अतुलेश भगत उर्फ मुन्ना भगत ने कहा कि भागलपुर से रांची भाया कियुल जोन वाली वनांचल एक्सप्रेस को यदि देवघर-बांका रेलखंड भाया कटोरिया होते हुए चलाया जाय, तो यह रेलयात्रियों के लिए काफी लोकप्रिय तो होगा ही. सफर करने वाले लोगों को समय की भी काफी बचत होगी. अशोक साह उर्फ फूदो ने कहा कि इस रूट पर हावड़ा व नई दिल्ली तक जाने वाली भी ट्रेनों को चलायी जानी चाहिए. शिवशंकर साह उर्फ छोटू का कहना है
कि देवघर-बांका रेलखंड का महत्व श्रावणी मेला को लेकर काफी बढ़ गया है. इस होकर बाबाधाम टू अजगैबीनाथ धाम भी ट्रेन प्रत्येक दिन चलनी चाहिए. कठौन गांव निवासी फकरे आलम ने भी भागलपुर टू देवघर डीएमयू ट्रेन चलाने की मांग की है. व्यवसायी जयप्रकाश पांडेय ने बांका-राजेंद्रनगर इंटरसिटी को कटोरिया या चांदन स्टेशन से खुलवाने की मांग की है. ताकि इस इलाके के लोग ज्यादा लाभान्वित हो सकें.
