बांका : राज्य खाद्य निगम के गोदामों को सील करने एवं उनकी सघन पड़ताल करने की जिला प्रशासन की कार्रवाई से जिले के खाद्यान्न माफियाओं में हड़कंप व्याप्त हैं. हालांकि खाद्यान्न माफिया भी इन सबसे निपटने का तरीका बेहतर जानते हैं और वे इन कोशिशों में जुट भी गये हैं. लेकिन इधर प्रशासन का भी रवैया इस बार सख्त दिख रहा है. यही वजह है कि बुधवार को एसएफसी गोदामों के बाद गुरुवार को चावल मिलों में भी सघन छापामारी की गयी.
कई मिलों में गड़बड़ी पाये जाने की खबर है. जबकि एसएफसी के बाराहाट के गोदाम में चावल के स्टॉक में कमी पाये जाने के बाद वहां दोबारा जांच के आदेश दिये गये हैं. उल्लेख्य है कि भागलपुर में खाद्यान्न लदे ट्रकों के पकड़े जाने के बाद बांका जिले में यह कार्रवाई की जा रही है. जिले के सभी 10 एसएफसी गोदामों को मंगलवार को ही सील कर दिया गया था. जिनकी बुधवार को सघन पड़ताल की गयी.
इनमें बाराहाट गोदाम में तकरीबन 100 क्विंटल चावल का स्टॉक कम पाये जाने की पुष्टि एसएफसी के जिला प्रबंधक ने की. उन्होंने कहा कि डीएम ने बाराहाट गोदाम की दोबारा जांच एवं सत्यापन का आदेश दिया है. वैसे अपुष्ट खबरों के अनुसार जिले के कुछ अन्य गोदामों में भी गड़बड़ी पायी गयी है. हालांकि इस बारे में अंतिम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा.
