बांका : विगत एक वर्ष से जिला परिवहन विभाग द्वारा बांका वासियों को वाहनों का आरसी (ऑनर बुक) एवं ड्राइविंग लाइसेंस स्मार्ट कार्ड के रूप में नहीं मिला है. इससे उपभोक्ताओं को वाहन चलाने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. बांका परिवहन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार वर्ष 2015 के जनवरी माह से ही स्मार्ट कार्ड का बनना बंद हो गया है. क्योंकि परिवहन विभाग पटना को जिन एजेंसी के द्वारा स्मार्ट कार्ड एवं रिबन की आपूर्ति की जाती थी.
वो विभागीय अनियमितता में फंसने के बाद उस एजेंसी को विभाग द्वारा काली सूची में डाल दिया गया. जिससे राज्य के सभी जिलों में स्मार्ट कार्ड एवं रिबन की आपूर्ति बाधित हो गयी. इसके बाद जिले में भी स्मार्ट कार्ड का बनना बंद हो गया है. लेकिन वाहन चालकों को वाहन चलाने में किसी भी प्रकार परेशानी रोड पर न हो इसके लिए विभाग द्वारा तत्काल या यूं कहे कि जब तक स्मार्ट कार्ड पुन: चालू नहीं हो जाता है तब तक के लिए पेपर मोड में आरसी एवं ड्राइविंग लाइसेंस की व्यवस्था की गयी है. पुलिस वाले कर रहे अवैध वसूली: वाहन चालकों के पास पेपर मोड में आरसी एवं ड्राइविंग लाइसेंस के कागजात रहने के बावजूद भी वाहन चेकिंग के दौरान लोगों से यह कह कर अवैध वसूली कर लिया जाता है कि पेपर मोड का कागजात मान्य नहीं है स्मार्ट कार्ड चाहिए.
