दो विद्यालयों में लटका था ताला

बीइओ व सीआरसीसी के विरुद्ध कार्रवाई के लिए डीइओ को रिपोर्ट कटोरिया : कटोरिया प्रखंड के सुदूरवर्ती क्षेत्र के सरकारी स्कूलों में शिक्षा व्यवस्था की हालत बद से बदतर हो गयी है. प्रखंड प्रभारी सह वरीय उपसमाहर्ता विभूती रंजन चौधरी ने सोमवार को पंचायत चुनाव की तैयारी को लेकर बूथों का भौतिक सत्यापन करने के […]

बीइओ व सीआरसीसी के विरुद्ध कार्रवाई के लिए डीइओ को रिपोर्ट

कटोरिया : कटोरिया प्रखंड के सुदूरवर्ती क्षेत्र के सरकारी स्कूलों में शिक्षा व्यवस्था की हालत बद से बदतर हो गयी है. प्रखंड प्रभारी सह वरीय उपसमाहर्ता विभूती रंजन चौधरी ने सोमवार को पंचायत चुनाव की तैयारी को लेकर बूथों का भौतिक सत्यापन करने के दौरान मोथाबाड़ी पंचायत के सात विद्यालयों का औचक निरीक्षण भी किया.
विकास मित्र सुनील कुमार दास के साथ निरीक्षण के क्रम में दो स्कूलों में ताला लटकता मिला. जबकि खुले स्कूलों से भी कई शिक्षक बिना किसी सूचना के अनुपस्थित मिले. कुछ शिक्षक रजिस्टर में हाजिरी बनाकर ड्यूटी से गायब थे. किसी भी स्कूल में एमडीएम का संचालन नहीं हो रहा था. वरीय उपसमाहर्ता श्री चौधरी ने बताया कि प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी अशोक कुमार एवं सीआरसीसी सबा अहमद द्वारा विद्यालयों का निरीक्षण नहीं किये जाने के कारण शिक्षा व्यवस्था की यह तसवीर देखने को मिली. इसमें इनकी संलिप्तता से इंकार भी नहीं किया जा सकता.
उन्होंने बीइओ व सीआरसीसी के खिलाफ कार्रवाई हेतु जिला शिक्षा पदाधिकारी को रिपोर्ट करने की बात कही. साथ ही विद्यालय बंद रखने वाले प्रधानाध्यापकों एवं अनुपस्थित शिक्षकों के वेतन पर तत्काल रोक लगाने एवं स्पष्टीकरण की मांग करने हेतु बीइओ को निदेशित किया गया है. प्राप्त जानकारी के अनुसार वरीय उपसमाहर्ता श्री चौधरी 11.30 बजे मध्य विद्यालय मोथाबाड़ी पहुंचे. विद्यालय में पदस्थापित शिक्षक उमाशंकर एवं रफाकत हुसैन ड्यूटी से गायब मिले.
प्राथमिक विद्यालय थेबरी में 12.40 बजे भी ताला लटकता मिला. दिन के एक बजे प्राथमिक विद्यालय खरबाजोर भी बंद मिला. विद्यालय के बरामदे पर किसान धान सूखाते नजर आये. ग्रामीणों ने बताया कि शिक्षिका गुंजन कुमारी हमेशा विद्यालय से अनुपस्थित रहती है. इधर कोई भी अधिकारी कभी जांच हेतु आते ही नहीं हैं. प्राथमिक विद्यालय कासमोडीह 01.05 बजे खुला मिला. लेकिन शिक्षक योगेश कुमार दास बिना किसी सूचना के अनुपस्थित मिले.
दिन के दो बजे प्राथमिक विद्यालय एड़रा खुला था. लेकिन शिक्षक चंदन कुमार मिश्रा अनुपस्थित मिले. न्यू प्राथमिक विद्यालय लौंगाय सवा दो बजे खुला था. शिक्षिका कुमारी मिन्नी रजिस्टर पर हाजिरी बनाकर गायब थी. आदर्श मध्य विद्यालय बुढ़वाबथान ढाई बजे खुला था. लेकिन शिक्षक विनोद कुमार यादव हाजिरी बनाकर विद्यालय से गायब थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >