प्रमंडलीय आयुक्त राष्ट्रीय झंडोत्तोलन करते हुए लेंगे सलामी
बांका : जिले भर में गणतंत्र दिवस समारोहों की तैयारी पूरी कर ली गयी है. तैयारी देर रात तक चली. मंगलवार को समारोहपूर्वक जिले भर में राष्ट्रीय झंडोत्तोलन होगा.
मुख्य समारोह जिला मुख्यालय के आरएमके मैदान में होगा, जहां प्रमंडलीय आयुक्त राष्ट्रीय ध्वज फहराते हुए सुरक्षा गारद परेड की सलामी लेंगे. गणतंत्र दिवस समारोह के आयोजन के लिए मैदान में मंच एवं पंडालों का निर्माण देर रात तक जारी रहा. समारोह मंच को करीने से सजाया गया है. पूरे मैदान की बैरिकेडिंग की गयी है. बड़े पैमाने पर सुरक्षा बलों की भी तैनाती की गयी है.
झांकियां व नृत्य प्रदर्शन भी
गणतंत्र दिवस परेड के बाद आर एम के मैदान में विभिन्न सरकारी विभागों व स्वयंसेवी संस्थाओं की ओर से झांकियां निकाली जायेंगी. विकास, प्रगति व जागरूकता इन झाकियों की विषय वस्तु होंगी. कई स्कूलों की ओर से बच्चों की सामूहिक मंडली नृत्य एवं सांस्कृतिक प्रदर्शन की भी तैयारियां की गयी है.
शहीद स्मारकों पर माल्यार्पण
इससे पहले शहर के महात्मा गांधी, शहीद भगत सिंह, भीमराव आंबेडकर, लाल बहादुर शास्त्री व वीर कुंवर सिंह के स्मारकों पर माल्यार्पण किया जायेगा. जिले के प्रसिद्ध स्वतंत्रता सेनानी शहीद सतीश के ढाकामोड़ स्थित स्मारक पर भी माल्यार्पण होगा.
नगर भवन में सांस्कृतिक कार्यक्रम
गणतंत्र दिवस के मौके पर स्थानीय नगर भवन में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन होगा. यह कार्यक्रम शाम पांच से सात बजे तक आयोजित होगा. इससे पहले स्थानीय आरएमके मैदान में एक फैंसी क्रिकेट मैच का भी आयोजन किया जा रहा है.
इन सब के अलावा शहर सहित समूचे जिले के प्रमुख स्कूलों के बच्चों द्वारा गणतंत्र दिवस के मौके पर सोमवार को प्रभात फेरी निकाले जाने की तैयारी की गयी है.
