मुहल्ले के लोगों की तत्परता से बच गये एक दर्जन मवेशी
सुबह तीन बजे लगी आग अगलगी का कारण अज्ञात
बांका : शहर के विजयनगर मोहल्ले में विषहरी स्थान के समीप एक बड़े बथान में आग लग जाने से करीब 50 हजार की क्षति हुई. यह बथान पंडित तारिणी झा महिला महाविद्यालय के अध्यक्ष एवं प्रगतिशील किसान परमानंद झा का है. आग शनिवार को तड़के करीब तीन बजे लगी. उस समय बथान में दर्जन भर गाय व भैंस बंधी थी. हालांकि स्थानीय लोगों की तत्परता से मवेशियों को बथान से निकाल लिया गया. स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया,
लेकिन बथान में काफी मात्रा में पुआल एवं लकड़ी होने की वजह से आग पर काबू नहीं पाया जा सका. आग किस प्रकार लगी यह पता नहीं चल पाया है.
घटना की सूचना फायर ब्रिगेड को दी गयी, लेकिन सब कुछ जल जाने के बाद भी दमकल मौके पर नहीं पहुंचा. घटना में पुआल, लकड़ी एवं अन्य सामानों सहित करीब 50 हजार की क्षति हुई है.
