धोरैया में 700 मीटर सड़क बनी ग्रामीणों की मुसीबत, धोपसंडा तक मरम्मत नहीं होने पर फूटा लोगों का गुस्सा

Banka News : सड़क मरम्मत का काम चल रहा है, लेकिन धोपसंडा गांव तक पहुंचने वाले 700 मीटर हिस्से को छोड़ दिए जाने से ग्रामीणों में भारी नाराजगी है. लोगों ने इसे विभागीय अनदेखी बताते हुए आंदोलन की चेतावनी दी है.

धोरैया (बांका) से प्रदीप कुमार की रिपोर्ट

Banka News : बांका जिले के धोरैया प्रखंड अंतर्गत चलना मोड़-बभनगामा ग्रामीण सड़क से पिपरा मोड़ होकर कुमरडीह और धोपसंडा तक जाने वाली सड़क का एक हिस्सा मरम्मत से वंचित रह जाने पर ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ गया है. ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क मरम्मत कार्य के दौरान धोपसंडा गांव तक पहुंचने वाले करीब 700 मीटर जर्जर हिस्से को जानबूझकर छोड़ दिया गया है, जिससे हजारों लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

बरसात में बढ़ेगी मुश्किल, गड्ढों में तब्दील हो चुकी सड़क

ग्रामीणों के अनुसार कुमरडीह से धोपसंडा तक का करीब 700 मीटर सड़क मार्ग पूरी तरह गड्ढों में तब्दील हो चुका है. सड़क की स्थिति इतनी खराब है कि सामान्य दिनों में भी आवागमन मुश्किल हो गया है. बरसात के मौसम में यह समस्या और गंभीर हो सकती है. गांव के लोगों का कहना है कि यदि समय रहते मरम्मत नहीं हुई तो आवागमन लगभग ठप होने की स्थिति बन जाएगी.

सात हजार आबादी का एकमात्र सहारा है यह सड़क

चलना पंचायत के पूर्व मुखिया सम्स तवरेज और अन्य ग्रामीणों ने बताया कि पिपरा मोड़ से धोपसंडा तक जाने वाली सड़क कुमरडीह और धोपसंडा गांव की लगभग सात हजार आबादी के लिए जीवनरेखा है. रोजी-रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य जरूरी कार्यों के लिए ग्रामीण इसी सड़क पर निर्भर हैं. ऐसे में सड़क का जर्जर होना लोगों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गया है.

”गांव के साथ हो रहा सौतेला व्यवहार”

ग्रामीणों का आरोप है कि ग्रामीण कार्य विभाग द्वारा पिपरा मोड़ से पिपरा बांध तक सड़क की मरम्मत कराई जा रही है, जबकि धोपसंडा गांव तक के जर्जर हिस्से को छोड़ दिया गया है. लोगों ने इसे विभागीय मनमानी और अल्पसंख्यक बहुल गांव के साथ सौतेला व्यवहार बताया है. ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द मरम्मत कार्य शुरू नहीं हुआ तो वे उच्च अधिकारियों और विभागीय मंत्री से मिलकर जांच की मांग करेंगे.

विभाग ने भेजा प्रस्ताव, स्वीकृति का इंतजार

मामले पर ग्रामीण कार्य विभाग के कनीय अभियंता दीनबंधु प्रसाद ने बताया कि धोपसंडा गांव तक शेष सड़क की मरम्मत के लिए प्रस्ताव तैयार कर विभाग को भेज दिया गया है. विभागीय स्वीकृति मिलते ही बची हुई सड़क का मरम्मत कार्य भी शुरू करा दिया जाएगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AMIT KUMAR SINH

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >