बांका: दलित सेना की बैठक रविवार को एमयूसीसी के प्रांगण में आयोजित की गयी. बैठक की अध्यक्षता दलित सेना के अध्यक्ष विजय पासवान ने की. इस मौके पर अध्यक्ष ने कहा कि विगत दिनों जिला लोजपा के अध्यक्ष बेबी यादव के द्वारा बिना दलित सेना एवं युवा लोजपा के सहमति के आगामी बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर विधानसभा प्रभारी एवं प्रखंड प्रभारी का चयन किया गया. जिसका विरोध दलित सेना करती है.
पार्टी के वरिष्ठ सदस्य मूसो पासवान ने कहा कि लोजपा के द्वारा चयन का अकेले निर्णय लेना अहितकर है. धोरैया के लोजपा प्रखंड अध्यक्ष प्रकाश पासवान ने कहा कि बिना सूचना के विधानसभा प्रभारी का चयन करना हास्यास्पद है. धोरैया विधानसभा के पूर्व लोजपा प्रत्याशी जवाहर लाल पासवान ने कहा कि विगत बैठक के दौरान यह चर्चा की गयी थी कि विधानसभा चुनाव के लिए प्रभारी का चयन लोजपा, दलित सेना व युवा लोजपा के समक्ष होना चाहिए लेकिन लोजपा जिलाध्यक्ष श्रीमती यादव के द्वारा बगैर किसी के सहमति के लिए चयन करना सभी कार्यकर्ताओं के लिए अपमान है. वर्तमान में लोजपा सदस्य सह जीप सदस्य अनिल रजक ने भी इसकी निंदा की है.
