अमरपुर: जिले भर के पुलिस पदाधिकारियों को अब आखिरी बार चेतावनी दी जा रही है कि वह अपराध पर काबू करें. हत्या, लूट सहित अन्य आपराधिक वारदातों पर लगाम लगाएं अन्यथा, कार्रवाई के लिए तैयार रहें. ये बातें रविवार को अपराध गोष्ठी के दौरान एसपी डॉ सत्य प्रकाश ने कहीं.
रविवार को अमरपुर थाना परिसर में अपराध गोष्ठी हुई. इस दौरान एसपी ने सभी थानाध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्रों में अपराध पर अंकुश लगाने का निर्देश दिया. एसपी ने कहा कि लंबित मामलों को अविलंब निबटाएं. जेल से बेल पर छुटे पराधियों पर पैनी नजर रखें. लंबे दिनों से फरार चल रहे अपराधियों को चिह्न्ति कर गिरफ्तार करें. इसके साथ ही एसपी ने पुलिस-जनता के बीच आपसी सामंजस्य स्थापित करने का निर्देश दिया, ताकि क्षेत्र में अपराध पर अंकुश लगाया जा सके.
एसपी ने कहा कि थाना क्षेत्रों में समय-समय पर तलाशी अभियान, गश्ती, सरकारी भवनों, बैंक परिसरों के आसपास विशेष नजर रखें. यदि इसमें कोताही बरती गयी, तो कार्रवाई के लिए भी तैयार रहें. हर हाल में अपने-अपने थाना क्षेत्रों में अपराध पर अंकुश लगाये. इस दौरान एसपी ने थाने की जीप की हालत देख मौके पर मौजूद सार्जेट कमल किस्कू को आवश्यक निर्देश दिया. इसके बाद एसपी ने सभी थानों की गाड़ियों का अवलोकन किया.
मौके पर थे मौजूद
मौके पर एसडीपीओ शशि शंकर प्रसाद, मुख्यालय डीएसपी पीएन उपाध्याय, डीएसपी बेलहर पीयूष कांत, सर्किल इंस्पेक्टर एसएन सिंह, अनिल कुमार पासवान, विनोद कुमार गुप्ता, मुकेश्वर प्रसाद, त्रिपुरारी सिंह, सुजाता कुमारी, थानाध्यक्ष परीक्षित पासवान, पंकज पासवान, प्रवेश भारती, राजेश मंडल, आशीष कुमार, रंजीत कुमार, राज कपूर कुशवाहा, धीरज कुमार, चंदना कुमारी, रुक्मिणी कुमारी, अजरुन सिंह, राजर्वद्धन कुमार, शिव कुमार यादव आदि मौजूद थे.
