बौंसी के गुहाल से 42.9 लीटर शराब जब्त, तस्कर फरार

Banka News : बिहार में शराबबंदी कानून के बीच बांका जिले के बौंसी थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है. गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में 143 बोतल शराब जब्त की गई, जबकि आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया. पुलिस अब उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.

बौसी, बांका से संजीव पाठक की रिपोर्ट :

बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू करने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है. इसी क्रम में बौंसी थाना पुलिस ने शनिवार सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए 42.9 लीटर विदेशी शराब बरामद की. हालांकि पुलिस की भनक लगते ही आरोपी मौके से फरार हो गया.

गुप्त सूचना पर पुलिस ने की छापेमारी

जानकारी के अनुसार, बौंसी थाना में पदस्थापित परिपुअनि चंदन कुमार अपने दल-बल के साथ क्षेत्र में गश्ती कर रहे थे. इसी दौरान हनुमान मंदिर, बौंसी बाजार के समीप पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि ऊपर कैरी निवासी श्रवण कुमार अपने गुहाल में अवैध शराब छिपाकर बेचता है.सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी के ठिकाने पर छापेमारी की. पुलिस वाहन को देखते ही एक व्यक्ति मौके से भागने लगा. जवानों ने पीछा भी किया, लेकिन आरोपी अंधेरे और संकरी गलियों का फायदा उठाकर फरार हो गया.

झोले में छिपाकर रखी गयी थी शराब

स्थानीय लोगों और चौकीदार से पूछताछ में फरार व्यक्ति की पहचान श्रवण कुमार के रूप में हुई. इसके बाद पुलिस ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में तलाशी अभियान चलाया. तलाशी के दौरान नीले रंग के झोले में छिपाकर रखे गए दो कार्टून से 300 एमएल की कुल 143 बोतल विदेशी शराब बरामद की गयी.पुलिस के अनुसार बरामद शराब की कुल मात्रा 42.9 लीटर है. मौके पर ही शराब जब्त कर विधिवत जब्त की सूची तैयार की गई और सभी सामान थाना लाया गया.

फरार आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

मामले में बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम 2016 और संशोधित अधिनियम 2022 की संबंधित धाराओं के तहत बौंसी थाना कांड संख्या 116/26 दर्ज किया गया है. थानाध्यक्ष पंकज कुमार झा ने बताया कि फरार आरोपित की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. मामले की जांच एसआई हरेराम सिंह को सौंपी गयी है.

सीमावर्ती इलाकों में अब भी सक्रिय हैं शराब तस्कर

बिहार में शराबबंदी लागू होने के बावजूद सीमावर्ती क्षेत्रों में अवैध शराब कारोबार पूरी तरह बंद नहीं हो पाया है. पुलिस लगातार ऐसे कारोबारियों के खिलाफ अभियान चला रही है. बौंसी थाना की यह कार्रवाई अवैध शराब कारोबार पर बड़ी चोट मानी जा रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AMIT KUMAR SINH

AMIT KUMAR SINH is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >