बांका: अररिया के नर्सिग होम संचालक का अपराधियों ने भागलपुर से अपहरण कर बांका जिले में हत्या की कोशिश की. घायल का बांका सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है. मिली जानकारी के अनुसार, जिला मुख्यालय से सटे करीब चार किलोमीटर की दूरी पर मुढ़हारा हॉल्ट के पूरब स्थित केतरिया नदी के किनारे एक अधेड़ व्यक्ति घायल अवस्था में मिला.
रीगा गांव के लोग बहियार में गाय चरा रहे थे, तभी चरवाहा ने एक व्यक्ति को खून से लथपथ बेहोश स्थिति में देखा. घायल को देख कर चरवाहों ने अपने गांव में जाकर लोगों को जानकारी दी. सूचना मिलते ही ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच कर उक्त व्यक्ति को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया.
घटना के संबंध में घायल व्यक्ति ने बताया कि उसका भागलपुर से उस समय अपहरण किया गया जब वे अपनी कार को मारुति सर्विस सेंटर पर देकर नाश्ते के लिए बाहर निकले थे. उसी वक्त स्कॉर्पियो पर सवार व्यक्ति ने उसे जबरन पिस्तौल की नोक पर गाड़ी में बैठा लिया. वहां से अपहर्ता उसे बांका थाना क्षेत्र के सुनसान जगह को देख कर मुढ़हारा हॉल्ट के समीप ले जाकर जान से मारने की नीयत से पहले गोली चलायी. लेकिन पिस्तौल से गोली नहीं चली. तब उन लोगों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया. घायल ने बताया कि जिस समय चाकू से हमला कर रहा था उस समय नदी के बगल स्थित ग्रामीण सड़क पर दो मोटरसाइकिल सवार गुजर रहे थे, जिसे देख कर सभी अपराधी भाग निकले. घायल अपना पता अररिया शिवपुरी कॉलोनी, वार्ड नंबर नौ निवासी, पिता नथूनी शर्मा का पुत्र रामनारायण भारती बता रहा है. रामनारायण भारती प्राइवेट क्लिनिक चलाते हैं. घायल का प्राथमिक उपचार किया जा रहा है. उपचार कर रहे चिकित्सक डॉ लक्ष्मण पंडित ने बताया कि घायल अभी खतरे से बाहर है. मामले की सूचना संबंधित थाना को दे दी गयी है.
