Banka : ऊर्जा बचत व पर्यावरण संरक्षण का संदेश लेकर साइकिल से कोर्ट पहुंचे जिला जज व न्यायिक पदाधिकारी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ऊर्जा बचत एवं पर्यावरण संरक्षण की अपील के बाद जिले में जिला जज सहित अन्य न्यायिक पदाधिकारी ने इस पहल शुरुआत की. न्यायिक पदाधिकारी की इस पहल का अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने भी स्वागत किया.
बांका से विभांशु की रिपोर्ट:
ऊर्जा संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए जिले में न्यायिक अधिकारियों ने एक प्रेरणादायी पहल की शुरुआत की है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान से प्रेरित होकर गुरुवार को जिला जज सहित सभी न्यायिक पदाधिकारी साइकिल से अपने कार्यालय पहुंचे और आम लोगों को राष्ट्रहित में ऊर्जा बचत का संदेश दिया.
लोगों ने की सराहना
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सत्यभूषण आर्य के नेतृत्व में जिले के सभी न्यायिक पदाधिकारी विजयनगर स्थित जजेज कॉलोनी से साइकिल के माध्यम से न्यायालय के लिए रवाना हुए. सभी अधिकारी विजयनगर चौक और गांधी चौक होते हुए कार्यालय पहुंचे. इस दौरान राहगीरों और स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना की.
सुरक्षाकर्मी भी साइकिल से पहुंचे कोर्ट
सुरक्षा कर्मी भी साइकिल से ही न्यायिक अधिकारियों के साथ मौजूद रहे. इस पहल के माध्यम से न्यायिक अधिकारियों ने ऊर्जा संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया.
ऊर्जा बचत और पर्यावरण संरक्षण बेहद जरूरी : जिला जज
जिला जज सत्यभूषण आर्य ने कहा कि वर्तमान वैश्विक परिदृश्य में ऊर्जा बचत और पर्यावरण संरक्षण बेहद जरूरी हो गया है. उन्होंने कहा कि राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ ऐसे प्रयास देश को आत्मनिर्भर बनाने में सहायक होंगे.
जिला जज ने कहा- ईंधन की बचत आवश्यक
जिला जज ने कहा कि ईरान, अमेरिका और इजराइल के बीच चल रहे तनाव के कारण ईंधन संकट की स्थिति बन रही है. ऐसे समय में ईंधन की बचत आवश्यक है. साइकिल के उपयोग से न केवल पर्यावरण संरक्षण होगा, बल्कि लोगों का स्वास्थ्य भी बेहतर रहेगा और अनावश्यक खर्च में कमी आएगी. जिला जज ने कहा कि सभी न्यायिक अधिकारियों और कर्मियों ने इस पहल में उत्साहपूर्वक भाग लिया है. उन्होंने आम नागरिकों से भी ऊर्जा बचत और पर्यावरण संरक्षण के लिए आगे आने की अपील की.
प्रतिदिन साइकिल से कार्यालय आने के लिए की जायेगी चर्चा
रोजाना साइकिल से कार्यालय आने के सवाल पर जिला जज ने कहा कि इस संबंध में सभी न्यायिक अधिकारियों के साथ चर्चा की जायेगी. हालांकि सुरक्षा संबंधी पहलुओं पर भी विचार करना जरूरी है, फिर भी इस पहल को आगे जारी रखने का प्रयास किया जाएगा.इस मौके पर फैमिली जज धर्मेंद्र झा सहित अन्य न्यायिक अधिकारी और न्यायालय कर्मी उपस्थित थे.