बांका : जिले भर में सोमवार की रात से रुक-रुक कर हो रही बारिश से जहां किसानों के लिए खुशी की सौगात है, वहीं कई जगहों पर सड़कों की स्थिति खराब होने से लोग परेशान हो रहे है. गांव की हालत को तो छोड़ ही दें शहर में भी सड़कों की दयनीय स्थिति की वजह से बरसात के दिनों में लोगों को आवागमन में काफी परेशानी हो रही है.
जबकि दूसरे दिन मंगलवार को भी पूरे दिन रुक-रुक कर हुई बारिश से शहर के विजयनगर चौक, डोकानिया मार्केट, शास्त्री चौक के समीप जलजमाव कि स्थिति बन गयी. वहीं मंगलवार को चांदन नदी में भी बारिश का पानी आ गया. चांदन नदी में पानी को देख किसानों का चेहरा खिल गया और लोगों ने पंप सेट के सहारे अपने खेतों तक पानी पहुंचाने व धान बीज की तैयारी में जुट गये है.
शंभुगंज प्रतिनिधि के अनुसार, विगत तीन दिनों से हो रही बारिश से यहां का जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है. मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक तेज बारिश होने की संभावना है. शनिवार की रात से ही शुरू हुई झमाझम बारिश का सिलसिला मंगलवार तक जारी रहा.
बताया जा रहा कि प्रदेश में 12 जुलाई तक मानसून सक्रिय रहेगा, इस कारण रुक-रुककर बारिश होती रहेगी. बारिश के कारण भले ही गर्मी से थोड़ी राहत मिली हो, लेकिन ग्रामीण सड़कों की स्थिति कीचड़मय हो गयी है. वहीं शंभुगंज बाजार में सड़क के किनारे नाले नहीं रहने के कारण बाजार में भी पानी जमा हो गया है.
खासकर एसबीआइ शाखा शंभुगंज के सामने सड़क पर कई गड्डे हो गये हैं जिसमें पानी जमा होने के कारण गाड़ी से आने जाने वाले को गड्ढे का पता ही नहीं चलने के कारण दुर्घटना होने की संभावना बनी रहती है. वहीं मुंगेर से बांका को जोड़ने वाली जिलानी पथ की स्थिति बद से बदत्तर हो गयी है. जिसपर से होकर लोगों का गुजरना मुश्किल भरा हो गया है. रविवार से मंगलवार तक बांका में 18.2 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गयी.
