बांका : लोकसभा चुनाव की तीथि की घोषणा के बाद आचारसंहिता लागू होने पर बांका जिला प्रशासन की टीम ने सड़कों पर उतर कर विभिन्न राजनीतिक पार्टी के चौक चौराहों पर लगे पोस्टर-बैनर को हटाने का काम किया.
रविवार की शाम बीडीओ विजय कुमार, सीओ सुजीत वत्स व थानाध्यक्ष राजेश कुमार झा के नेतृत्व में दर्जनों पुलिस बल ने शहर से बैनर, पोस्टर व होर्डिंग हटाने का काम किया. टीम ने मुुख्य रुप से गांधी चौक, डाकघर, शिवाजी चौक, शास्त्री चौक, गांधी चौक से विजय नगर चौक से आगे तक बैनर-पोस्टर को हटा दिया.
साथ ही सख्त निर्देश दिया कि किसी भी हालत में बैनर-पोस्टर नहीं लगाना है. जानकारी के मुताबिक आचार संहिता के पालन को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है. चुनाव की अधिसूचना जारी होते ही पूरा क्षेत्र आदर्श आचार संहिता के प्रभाव में आ गया है. इधर, डीएम ने सभी बीडीओ, सीओ व थानाध्यक्ष को आचार संहिता पालन के लिए निर्देशित किया है.
फ्लाइंग दस्ता भी करेगा आचार संहिता की रक्षा : आचार संहिता के मद्देनजर जिला निर्वाचन ने 35 फ्लाइंग स्कायड का गठन किया है. जो क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर आचार संहिता पर नजर रखेगा. वहीं सी-विजिल एप से भी इसकी मॉनिटरिंग होगी. इसके अलावा भी कई स्तर पर टीम गठित किया गया है, जो चुनावी प्रक्रिया में हिस्सा लेते हुए आचार संहिता पर नजर रखेगा.
