बांकाःविश्व प्रसिद्ध श्रवणी मेला तैयारी हेतु मंगलवार को समाहरणालय सभागार में सभी विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गयी. बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी साकेत कुमार ने की. उन्होंने जुटे पदाधिकारी को आवश्यक निर्देश दिये. पथ निर्माण विभाग, भवन निर्माण, पीएचइडी सहित अन्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि धौरी से दुम्मा तक स्थल निरीक्षण कर टूटे पथ की मरम्मती व बालू, मिट्टी की भराई का काम ससमय सुनिश्चित करें.
पथ पर कांवरियों के लिए पेयजल व शौचालय की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए स्थल निरीक्षण कर प्रतिवेदन समर्पित करें. वहीं भवन निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता को सरकारी धर्मशाला के रंग रोगन व मरम्मती का कार्य ससमय पूरा करने का निर्देश दिया. बैठक में बेलहर, चांदन व कटोरिया थानाध्यक्ष को संयुक्त रूप से पथ का निरीक्षण कर प्रतिवेदन देने को कहा. सभी संबंधित पदाधिकारियों को प्रभारी वरीय उप समाहर्ता को कांवरिया पथ की तैयारी की समीक्षा करने का निर्देश डीएम ने दिये.
इस मौके पर एसडीओ शिव कुमार पंडित, डीएसपी शशि शंकर कुमार, जिला भू-अजर्न पदाधिकारी, गोपनीय शाखा प्रभारी पदाधिकारी, सीएस के पी सिंह, कार्यपालक अभियंता, संबंधित सीओ सहित थानाध्यक्ष मौजूद थे.
