कटोरिया (बांका). सुईया थाना क्षेत्र अंतर्गत धनुवसार पंचायत के ढकना गांव निवासी प्रीति कुमारी के अचानक लापता होने से परिजनों की चिंता बढ़ गई है. कक्षा छह में पढ़ने वाली 11 वर्षीय छात्रा बुधवार सुबह स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी. देर शाम तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने आसपास के क्षेत्रों, रिश्तेदारों और परिचितों के यहां खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला.
शाम तक घर नहीं लौटने पर शुरू हुई खोजबीन
लापता छात्रा की मां रूबी देवी, पति निरंजन यादव, ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि उनकी पुत्री प्रीति कुमारी बुधवार सुबह करीब नौ बजे स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी. सामान्य समय तक उसके वापस नहीं लौटने पर परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की. आसपास के इलाकों में खोजबीन करने के साथ रिश्तेदारों और परिचितों से भी जानकारी ली गई, लेकिन छात्रा का पता नहीं चल सका.
परिजनों ने पुलिस से लगाई बरामदगी की गुहार
काफी खोजबीन के बाद भी छात्रा का कोई सुराग नहीं मिलने पर परिजन सुईया थाना पहुंचे और पुलिस को मामले की जानकारी दी. छात्रा की मां ने लिखित आवेदन देकर पुलिस से उसकी जल्द तलाश कर सकुशल बरामदगी की मांग की है.
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
सुईया पुलिस ने आवेदन के आधार पर मामले की छानबीन शुरू कर दी है. पुलिस छात्रा के स्कूल जाने के रास्ते, संभावित ठिकानों और उसके संपर्क में रहने वाले लोगों के संबंध में जानकारी जुटा रही है. छात्रा के बारे में कोई जानकारी मिलने पर पुलिस को सूचित करने की अपील की गयी है.
