जिले के 14 केंद्रों पर सिपाही की भरती परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई.
बांका : जिले के 14 परीक्षा केंद्रों पर रविवार को केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) परीक्षा का शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ. परीक्षा दो पालियों में आयोजित हुई.
इस दौरान दो परीक्षा केंद्र से तीन फर्जी परीक्षार्थी भी पकड़े गये. विभिन्न केंद्रों पर दोनों पालियों में कुल 12 हजार 720 परीक्षार्थी के बीच प्रथम पाली में 6032 परीक्षार्थी. जबकि द्वितीय पाली में 6048 परीक्षारर्थी सम्मिलित हुए. वहीं दोनों पालियों को मिलाकर कुल 644 परीक्षार्थी अनुपस्थित भी रहे. परीक्षा को लेकर जिला-प्रशासन ने तैयारी पुरी कर रखी थी. सभी केंद्र पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम मौजूद थे. साथ ही कदाचारमुक्त परीक्षा के लिए प्रशासन की ओर से कई ठोस इंतजाम किये गये थे. सभी परीक्षा केंद्र पर दंडाधिकारी के साथ भारी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया था. साथ ही एसडीओ कार्यालय में नियंत्रण कक्ष की भी स्थापना की गयी थी.
सभी परीक्षा केंद्र पर विडियोग्राफी का इंतजाम किया गया था. परीक्षा केंद्र में प्रवेश करने से पूर्व परीक्षा की सघन तलाशी ली जा रही थी. किसी भी सूरत में परीक्षार्थी को मोबाइल, ब्लू-टूथ सहित अन्य इलेक्ट्रीक सामग्री ले जाने की अनुमति नहीं थी. डीएम व एसपी ने सभी दंडाधिकारी व केंद्राधीक्षक को कड़ा निर्देश दिया था.
फर्जी परीक्षार्थी भेजे गये जेल : जिले के पीटीजे महाविद्यालय में प्रथम पाली के दौरान एक फर्जी परीक्षार्थी पकड़े गये. पकडे गये फर्जी परीक्षार्थी सोनू कुमार पिता उदयशंकर प्रसाद ग्राम कौआकोली थाना नाथनगर जिला भागलपुर का रहने वाला है. जो कन्हैया कुमार पिता लड्डू मंडल ग्राम पूरनचक, थाना अमरपुर के बदले में परीक्षा देते पकड़ा गया.
जानकारी के अनुसार फजी परीक्षार्थी के पकड़े जाने की सूचना पीटीजे महाविद्यालय के केंद्राधीक्षक ने जोनल दंडाधिकारी को दिया, जिसके बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए फर्जी छात्र को परीक्षा हॉल से ही गिरफ्तार कर लिया गया. वहीं दूसरी पाली में ढ़ाकामोड़ स्थित महंत आयोध्या चंद्रशेखर प्रसाद यादव डिग्री महाविद्यालय से दो फर्जी परीक्षार्थी को जोनल दंडाधिकारी सह बीडीओ धोरैया ने गिरफ्तार कर लिया. इस परीक्षा केंद्र पर फुल्लीडुमर थाना क्षेत्र के पथगढ़ निवासी अजीत कुमार पिता सत्येंद्र दास व रजौन थाना क्षेत्र के करसानी गांव निवासी चंदन कुमार राणा पिता लालमोहन राणा किसी अन्य परीक्षार्थी के बदले परीक्षा दे रहे थे.
परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न
बाराहाट. प्रखंड क्षेत्र के चार केंद्रों पर सिपाही भर्ती की परीक्षा रविवार को शांतिपूर्ण संपन्न हो गयी. परीक्षा के दौरान शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था के लिए सुरक्षा बलों की तैनाती की गयी थी. परीक्षा के दौरान संचालित परीक्षा का अवलोकन डीडीसी सहित कई अधिकारियों ने केंद्र पर पहुंचकर किया. क्षेत्र में डाॅ हरिहर चौधरी उच्च विद्यालय बाराहाट, सूर्य नारायण सिंह विद्यालय मोहनपुर, डिग्री कॉलेज ढाकामोड़, इंटर कॉलेज ढाकामोड़ में केंद्र बनाया गया था. वहीं डिग्री कॉलेज ढाकामोड़ में द्वितीय पाली की परीक्षा के दौरान दो फर्जी परीक्षार्थी पकड़ाये गये.
कहते हैं अधिकारी
तीनों फर्जी परीक्षार्थी के विरूद्ध बिहार संचालन अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी है. साथ ही तीनों परीक्षार्थी से पूछताछ की जा रही है पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में बांका जेल भेज दिया जायेगा.
चंदन कुमार कुशवाहा, एसपी
