जयपुर (बांका) : जयपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत जमदाहा-जयपुर मार्ग पर कुरूमटांड़ बहियार में बाइक पर सवार पति ने पत्नी व बहनोई पर चाकू से प्रहार कर दिया. इस घटना में जख्मी पत्नी रीता देवी (25) की मौके पर ही मौत हो गयी. जबकि, बहनोई अशोक यादव (35) ग्राम सिरसाना की हालत गंभीर बनी हुई है.
उसका प्राथमिक उपचार रेफरल अस्पताल में कराया गया. घटना को अंजाम देने के बाद हत्यारा पति तीतू यादव ग्राम कोल्हासार मौके से पैदल ही भाग निकला. सूचना मिलते ही जयपुर थानाध्यक्ष राकेश कुमार गुप्ता व पुअनि हरेंद्र कुमार दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच कर छानबीन शुरू की. विवाहिता के शव को थाना भेजने के बाद थानाध्यक्ष ने हत्यारे पति की गिरफ्तारी के लिए कोल्हासार गांव में छापेमारी भी की. लेकिन, घर पर सिर्फ मृतका के तीन रोते-बिलखते बच्चे ही मिले. मृतका के मायके रूपामारण गांव से पैक्स अध्यक्ष ईश्वर यादव भी घटना की जानकारी मिलने के बाद कोल्हासार पहुंचे. वैसे तो घटना के कारणों का अभी खुलासा नहीं हो सका है और अवैध संबंध की चर्चा है. हालांकि पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है.
मृतका का एक माह पहले ऑपरेशन हुआ था
करीब एक माह पहले रीता देवी का पटना में पथरी का ऑपरेशन हुआ था. रविवार को एक ही बाइक से तीतू यादव, उसका बहनोई व पत्नी रीता देवी देवघर से ऑपरेशन की सिलाई कटा कर वापस लौट रहे थे. बाइक बहनोई अशोक यादव चला रहा था, जबकि तीतू यादव बीच में बैठा था.
कुरूमटांड़ बहियार के सुनसान जगह पर अचानक तीतू ने पहले बहनोई के पेट में चाकू से प्रहार किया, फिर पत्नी के सीने में चाकू घोंप दिया. घटना को अंजाम देकर पति पैदल ही फरार हो गया. कोल्हासार गांव में मृतका की पुत्री सुषमा कुमारी (10) व सुमा कुमारी (07) व पुत्र संतोष कुमार (05) का रो-रो कर बुरा हाल है. बच्चों को सांत्वना देने वालों की भी आंखें नम हो जा रही थी.
