मिलेगी राहत . सूबे में बांका अंचल से शुरुआत
बांका : अब नक्शा प्राप्त करने में परेशानी नहीं होगी. आगामी 11 अक्तूबर से जिलेवासियों को यह समस्या दूर हो जायगी. राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री रामनारायण मंडल की पहल पर सूबे के सभी जिले में प्लाटर मशीन के जरिये नक्शा देने की सुविधा शुरु की जा रही है. इसकी शुरुआत बांका अंचल से की जायेगी. 11 अक्तूबर से पहले बांका अंचल में प्लाटर मशीन स्थापित कर दिया जायेगा. संबंधित विभाग के मंत्री श्री मंडल 11 अक्टूबर को बांका से विधिवत इसकी शुरुआत करेंगे. धीरे-धीरे सभी जिले व उसके बाद प्रत्येक अंचल में प्लाटर मशीन स्थापित करने की योजना है. ज्ञात हो कि काफी लंबे समय से नक्शा के लिए रैयत इधर-उधर दौड़ लगाते हैं. निश्चित तौर पर यह प्रयास खासकर किसानों के हित में होगा. नक्शा की सुलभ व्यवस्था होने के उपरांत जमीन विवाद व अन्य संबंधित कार्यों को संपादित करने में भी आसानी होगी.
जमा करना होगा शुल्क : प्लाटर मशीन स्थापित होने के उपरांत आवेदक को नियमानुसार नक्शा दिया जायेगा. जानकारी के मुताबिक एक नक्शा के लिए आवेदक को 150 रुपये का शुल्क चुकाना होगा. इस प्रक्रिया में रैयती को जमीन संबंधित कागजात, खाता, खसरा सहित अन्य विवरणी देनी होगी. इसके अलावा पहचान पत्र भी जरुरी होगा.
मंत्री के साथ पहुंचेंगे विभाग के सचिव : मंत्री रामनानरायण मंडल प्लाटर मशीन उद्घाटन से पहले विधिवत इसकी बैठक करेंगे. उनके विभागीय सचिव के अलावा अन्य अधिकारी भी मौजूद रहेंगे. जो प्लाटर मशीन के संबंध में विशेष जानकारी देंगे.
