बांका से नवनीत कुमार की रिपोर्ट
Banka Ex-Servicemen Association : बिहार राज्य पूर्व सैनिक संघ की जिला इकाई बांका का प्रथम स्थापना दिवस शहर के जगतपुर स्थित एक होटल में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया. कार्यक्रम में शहीद वीर जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई तथा बाबूटोला निवासी शहीद जवान की पत्नी सुलेखा कुमारी को 'वीर नारी सम्मान' से सम्मानित किया गया.
दीप प्रज्ज्वलित कर हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ
कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी अंशुल अग्रवाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया. राष्ट्रगान के साथ शुरू हुए समारोह में पूर्व सैनिकों ने देश की सेवा में शहीद हुए वीर जवानों के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके सर्वोच्च बलिदान को याद किया.
वीर नारी का किया गया सम्मान
समारोह के दौरान डीएम अंशुल अग्रवाल ने बांका के बाबूटोला निवासी शहीद जवान की पत्नी सुलेखा कुमारी को मोमेंटो देकर 'वीर नारी सम्मान' से सम्मानित किया. उन्होंने कहा कि देश के सैनिक राष्ट्र की शान हैं और उनके त्याग एवं बलिदान को देश सदैव याद रखेगा.
समाज निर्माण में पूर्व सैनिकों की भूमिका अहम
डीएम ने कहा कि सेना से सेवानिवृत्ति के बाद भी पूर्व सैनिक समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. उन्होंने भरोसा दिलाया कि जिला प्रशासन पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों की हरसंभव सहायता के लिए सदैव तत्पर रहेगा. साथ ही संघ के सभी पदाधिकारियों और सदस्यों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं.
पूर्व सैनिकों की समस्याओं के समाधान का संकल्प
संघ के जिला अध्यक्ष विकास कुमार कश्यप ने कहा कि संगठन का मुख्य उद्देश्य पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों की समस्याओं का समाधान करना तथा उनके हितों की रक्षा करना है. कार्यक्रम का समापन देशभक्ति गीतों के साथ हुआ. इस अवसर पर उपाध्यक्ष प्रकाश यादव, संजीव यादव, सचिव संतोष कुमार, संगठन मंत्री आशीष कुमार गुप्ता, गुरूकिशोर गुप्ता, मिथिलेश कुमार, रामकुमार, त्रिभुवन यादव सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक उपस्थित रहे.
ये भी पढ़ें : तीन दिशाओं से आये कांवरियों का बौंसी में होता है संगम, एक साथ बाबा बासुकीनाथ धाम की ओर बढ़ते हैं शिवभक्त
