Aurangabad News : औरंगाबाद जिले के मदनपुर थाना क्षेत्र के मदनपुर-पाठक बिगहा रोड स्थित एक घर में रहने वाली महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. मृतका की पहचान गया जिले के गुरुआ थाना क्षेत्र के जयपुर गांव निवासी नवीनचंद्र सिन्हा की 27 वर्षीय पत्नी रानी कुमारी के रूप में हुई है. वह वर्तमान में अपने ससुराल में मदनपुर-पाठक बिगहा रोड पर बने मकान में रह रही थी. प्राप्त जानकारी के अनुसार, महिला की अचानक तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मदनपुर लेकर पहुंचे. वहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. कुमार जय ने जांच के दौरान नब्ज नहीं मिलने पर उसे मृत घोषित कर दिया.
शव लेकर पैतृक गांव पहुंचे परिजन
महिला की मौत के बाद परिजन शव को लेकर गया जिले के गुरुआ थाना क्षेत्र स्थित उसके पैतृक गांव जयपुर चले गए. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी सक्रिय हो गई.
मायके पक्ष ने हत्या की आशंका जताई
मृतका के मायके पक्ष ने मामले को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है. परिजनों का आरोप है कि रानी कुमारी की हत्या की गई है. हालांकि, इस आरोप की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. सूचना मिलने पर पुलिस जयपुर गांव पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा मौत के कारण का खुलासा
अपर थानाध्यक्ष राजेश पासवान ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, औरंगाबाद भेज दिया गया है. उन्होंने कहा कि अब तक इस मामले में कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है. आवेदन मिलने के बाद विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है.
पुलिस जांच जारी, रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. इधर, घटना के बाद दोनों पक्षों में तनाव की स्थिति बनी हुई है और स्थानीय स्तर पर मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं.
Also Read : आधे घंटे की बारिश में डूबे दाउदनगर के दोनों राष्ट्रीय राजमार्ग, जल निकासी व्यवस्था की खुली पोल
