Aurangabad News (मनीष राज सिंघम की रिपोर्ट):
शहर के वार्ड नंबर-14 स्थित शाहपुर अखाड़ा के पास घरेलू विवाद को लेकर पत्नी द्वारा अपने मायके वालों को बुलाकर शिक्षक पति की जमकर पिटाई किये जाने का मामला सामने आया है. मारपीट में 31 वर्षीय शिक्षक गंभीर रूप से जख्मी हो गया. जख्मी शिक्षक की पहचान शाहपुर अखाड़ा के पास निवासी स्व. राजेंद्र भगत के पुत्र संजीत कुमार के रूप में हुई है.
पत्नी चाची के साथ नहीं रहना चाहती थी
रविवार की दोपहर जख्मी शिक्षक संजीत कुमार ने बताया कि इसी वर्ष 24 फरवरी को ओबरा बाजार स्थित हनुमान गढ़ी निवासी सुरेश कुमार मालाकार की पुत्री श्वेता कुमारी से उनका विवाह हुआ था. जानकारी मिली कि शिक्षक संजीत कुमार के माता-पिता नहीं हैं. बचपन से ही उनकी परवरिश चाचा और चाची ने की है. वे अपने चाचा और चाची के साथ ही रहते हैं. हालांकि, शादी के बाद से शिक्षक संजीत की पत्नी श्वेता चाची के साथ नहीं रहना चाहती थी. वह बार-बार अपने पति पर चाची से अलग होकर रहने का दबाव बनाती थी.
मामला और भी ज्यादा बिगड़ा
संजीत ने बताया कि बचपन से ही चाची ने उनका पालन-पोषण किया और पढ़ाई-लिखाई के बाद नौकरी लगी, तो ऐसी स्थिति में चाची को छोड़कर अलग रहना उचित नहीं है. संजीत की पोस्टिंग सदर प्रखंड के पोइवां पंचायत अंतर्गत नई प्राइमरी विद्यालय भगवान बिगहा में है. इसी बात को लेकर दोनों के बीच हमेशा बहस होती रहती थी. शनिवार की रात मामला तूल पकड़ लिया. हालांकि विवाद के बाद दोनों पति-पत्नी समझौता कर रहे थे. इसी दौरान मामला और भी ज्यादा बिगड़ गया.
अपनी जान बचाते हुए घर पहुंचा शिक्षक पति
इसके बाद शिक्षक की पत्नी ने घटना की सूचना अपने मायके वालों को दी. मायके से उसके ससुर सुरेश कुमार पहुंचे और घटना की सूचना डायल 112 के पुलिसकर्मियों को दी. सूचना पर डायल 112 की पुलिस पहुंची और दोनों पति-पत्नी को लेकर थाने चली गई. थाना में काफी देर तक समझौता हुआ. समझौता के बाद सभी लोग अपने घर जाने लगे. जैसे ही शिक्षक संजीत थाना परिसर से बाहर निकला, तभी उसकी पत्नी श्वेता ने अपने भाई अभिषेक राज उर्फ आदित्य को उसे जान मारने की बात कही. इसके बाद शिक्षक संजीत किसी तरह अपनी जान बचाते हुए घर पहुंचा. रविवार की अहले सुबह संजीत की पत्नी श्वेता अपने भाई अभिषेक राज उर्फ आदित्य के साथ घर पहुंची और अपने पति को जान मारने की बात कही.
40 हजार रुपये और गहने लेकर फरार होने का आरोप
उसने अपने भाई से यह भी कहा कि अगर इसकी हत्या कर दोगे तो मुझे सरकारी नौकरी मिल जाएगी और संपत्ति के मालिक हो जाओगे. इसके बाद दोनों भाई-बहन ने मिलकर शिक्षक संजीत की जमकर पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया. शिक्षक संजीत ने अपनी पत्नी और साले पर आरोप लगाया कि मारपीट के बाद उसकी पत्नी सैलरी के 40 हजार रुपये और उसके द्वारा खरीदे गये गहने, जिसकी कीमत लगभग दो लाख रुपये है, लेकर फरार हो गई. इसके साथ ही पत्नी श्वेता अपने सारे जेवरात भी भाई के साथ लेकर चली गई.
चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर शिक्षक संजीत का चचेरा भाई पहुंचा और उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसका इलाज किया. फिलहाल शिक्षक संजीत की स्थिति गंभीर बनी हुई है और वह सदर अस्पताल में इलाजरत है.
पुलिस मामले की जांच में जुटी
नगर एसएचओ बबन बैठा ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है. आवेदन भी प्राप्त हुआ है. आवेदन के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है. इधर शिक्षक संजीत की पत्नी श्वेता और उसके मायके वालों से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका. जिसके कारण उनका पक्ष नहीं रखा जा सका.
Also Read: इटाढ़ी ओवरब्रिज के बाद बक्सर में रेलवे गुमटी बंद, यात्रियों को हो रही परेशानी
