Aurangabad News : कुटुंबा थाना क्षेत्र के एक गांव में विधवा महिला के साथ कथित मारपीट और छेड़छाड़ का मामला अब तूल पकड़ने लगा है. घटना करीब 15 दिन पूर्व की बताई जा रही है. पीड़िता का आरोप है कि प्राथमिकी दर्ज होने के बावजूद अब तक नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं हुई है. इससे उसे न्याय मिलने की उम्मीद कमजोर पड़ रही है. महिला ने पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर मामले की निष्पक्ष जांच और आवश्यक कार्रवाई की मांग की है.
घर में घुसकर जबरदस्ती का प्रयास करने का आरोप
पीड़िता के अनुसार, पति की मृत्यु के बाद गांव के ही तुफैल अंसारी उर्फ बब्लू द्वारा लगातार उसके साथ गलत हरकतें की जाती थीं. महिला का आरोप है कि उस पर धर्म परिवर्तन करने का दबाव भी बनाया जाता था. उसने बताया कि 27 जुलाई की रात वह घर में अकेली थी. इसी दौरान आरोपित घर में घुस आया और उसके साथ जबरदस्ती करने का प्रयास किया. शोर मचाने पर युवक के माता-पिता भी मौके पर पहुंच गए और उसके साथ मारपीट की गई.
पहले आवेदन, फिर प्राथमिकी दर्ज होने का दावा
महिला ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और उसे थाना ले गई. उसके अनुसार, अगले दिन थाना में आवेदन लिया गया, लेकिन तत्काल प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई. पीड़िता का दावा है कि कई दिनों तक कार्रवाई नहीं होने के बाद चार अगस्त को संशोधित आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई. मामले में कुटुंबा थाना कांड संख्या 149/26 दर्ज होने की बात कही गई है.
Also Read : जोगिया हत्याकांड की जांच के लिए पहुंची CID टीम, घटनास्थल और पीड़ित परिवार से ली जानकारी
थानाध्यक्ष पर पक्षपात का लगाया आरोप
आवेदन में महिला ने थानाध्यक्ष पर आरोपित पक्ष का समर्थन करने का आरोप लगाया है. महिला का कहना है कि गांव में उसका परिवार ही एकमात्र ऐसा परिवार है, जिसके कारण उस पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया जाता है. उसने स्थानीय विधायक को भी मामले की जानकारी देने की बात कही है.
विधायक ने निष्पक्ष जांच का दिया भरोसा
कुटुंबा विधायक ललन राम ने बताया कि मामला हाल ही में उनके संज्ञान में आया है. उन्होंने कहा कि निष्पक्ष जांच के लिए संबंधित वरीय अधिकारियों से बात की जाएगी. यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो पीड़िता को हरसंभव न्याय दिलाने का प्रयास किया जाएगा. उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सरकार की प्राथमिकता है तथा किसी भी प्रकार का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस कर रही अनुसंधान
कुटुंबा थानाध्यक्ष इमरान आलम ने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को निराधार बताया है. उन्होंने कहा कि प्राप्त आवेदन के आलोक में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले का अनुसंधान किया जा रहा है. जांच में आरोप सही पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
Also Read : नोखा में बस-बाइक की भीषण टक्कर, महिला की मौत; पति गंभीर रूप से घायल
