बिहार पुलिस मुख्यालय के आदेशानुसार अनुमंडल पुलिस कार्यालय दाउदनगर में शनिवार को एक विशेष पिपिंग समारोह का आयोजन किया गया. इस समारोह के दौरान दाउदनगर अनुमंडल के अंतर्गत आने वाले विभिन्न थानों और पुलिस कार्यालयों में पदस्थापित 58 सहायक अवर निरीक्षकों (ASI) को पुलिस अवर निरीक्षक (SI) के पद पर उच्चतर प्रभार दिया गया.
समारोह के दौरान अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) चंद्र भूषण और संबंधित अंचल पुलिस निरीक्षकों ने प्रोन्नत हुए सभी पुलिस पदाधिकारियों के कंधे पर स्टार लगाकर उन्हें उनकी नई जिम्मेदारी का कार्यकारी प्रभार सौंपा.
कानून-व्यवस्था और अनुसंधान पर दें विशेष जोर - एसडीपीओ
पिपिंग समारोह के दौरान एसडीपीओ चंद्र भूषण ने सभी नवनियुक्त पुलिस पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारी के अनुरूप निष्ठापूर्वक कार्य करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि उच्चतर प्रभार मिलने के बाद अब इन पुलिस पदाधिकारियों की जवाबदेही और अधिक बढ़ गई है.
उन्होंने सभी पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने कार्यक्षेत्र में शांति और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के साथ-साथ आपराधिक कांडों के त्वरित अनुसंधान तथा पुलिसिंग से जुड़े सभी दायित्वों का पूरी ईमानदारी, जिम्मेदारी और कर्तव्यनिष्ठा के साथ निर्वहन करें.
इन अधिकारियों की रही मौजूदगी
बताया गया कि उच्चतर प्रभार प्राप्त करने वाले सभी 58 पुलिस पदाधिकारी दाउदनगर अनुमंडल के विभिन्न थानों और पुलिस कार्यालयों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं, जो अब नए प्रभार के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे. इस पिपिंग समारोह के दौरान सभी प्रोन्नत पुलिस पदाधिकारियों में भारी उत्साह और उल्लास का माहौल देखा गया.
Also Read : औरंगाबाद पहुंचीं मंत्री श्रेयसी सिंह, सतबहिनी मंदिर में पूजा के बाद संडा में कार्यक्रम स्थल का लिया जायजा
इस गरिमामयी अवसर पर दाउदनगर के पुलिस इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार, रफीगंज के पुलिस इंस्पेक्टर विनय कृष्ण प्रसाद और हसपुरा के पुलिस इंस्पेक्टर सुनील कुमार सहित कई अन्य पुलिस पदाधिकारी प्रमुख रूप से मौजूद रहे. सभी वरिष्ठ अधिकारियों ने उच्चतर प्रभार प्राप्त करने वाले सभी पुलिस पदाधिकारियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं.