WATCH VIDEO : रविवार की सुबह औरंगाबाद-डाल्टेनगंज मुख्य पथ एनएच 139 पर भैरोपुर-चतरा मोड़ के बीच सवारियों से भरे एक ऑटो को तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि पिकअप सड़क किनारे खेत में जा घुसा. हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की चीख-पुकार मच गई .
हादसे में फेसर थाना क्षेत्र के बाकन गांव निवासी अरविंद सिंह के पुत्र दीपू कुमार उर्फ दीपक कुमार सिंह की मौत हो गई. वहीं ऑटो पर सवार कई अन्य यात्री घायल हो गए. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई और आसपास के लोग घटनास्थल पर जुटने लगे.
स्टेशन से कुटुंबा की ओर जा रहा था ऑटो
जानकारी के अनुसार, एक ऑटो अनुग्रह नारायण रेलवे स्टेशन से कुटुंबा प्रखंड के घेऊरा गांव की ओर जा रहा था. इसी दौरान मुफस्सिल थाना क्षेत्र में भैरोपुर और चतरा मोड़ के बीच तेज रफ्तार पिकअप वाहन अनियंत्रित हो गया.
वैशाली हादसे पर भड़के पप्पू यादव: बोले- बिहार में पुल नहीं गिरेगा तो और क्या गिरेगा?, निर्माण कंपनी और दोषियों के खिलाफ जाएंगे सुप्रीम कोर्ट
अनियंत्रित पिकअप ने सामने जा रहे ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर के बाद पिकअप सड़क किनारे खेत में जा घुसा. हादसे में ऑटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार कई लोग घायल हो गए.
गंभीर घायलों को किया गया रेफर
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया.
बताया जा रहा है कि हादसे में घायल दो लोगों का इलाज वाराणसी में चल रहा है. अन्य घायलों का भी अस्पताल में इलाज कराया गया.
शव देखते ही परिजनों में मचा कोहराम
हादसे की जानकारी मिलने के बाद दीपू के परिजन घटनास्थल पर पहुंचे. शव देखते ही परिवार के लोगों में कोहराम मच गया. देखते ही देखते घटनास्थल पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गयी.
हादसे से आक्रोशित लोगों ने मुआवजे की मांग को लेकर मुख्य सड़क जाम कर दिया. सड़क जाम होने की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर शांत कराया. इसके बाद जाम हटाया गया.
पिकअप चालक वाहन छोड़कर फरार
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. पुलिस के अनुसार, मृतक दीपू ही ऑटो चला रहा था, हालांकि इसकी जांच की जा रही है.
हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया. पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों के साथ फरार चालक के संबंध में भी जानकारी जुटायी जा रही है.