अनियंत्रित होकर ट्रक सड़क किनारे पलटा, चालक की मौत

AURANGABAD NEWS.गोह थाना क्षेत्र के कोसडीहरा मोड़ के समीप शनिवार की रात करीब 10 बजे एक सड़क हादसे में ट्रक चालक की मौत हो गयी, जबकि पिकअप चालक गंभीर रूप से घायल हो गया. यह हादसा उस समय हुआ, जब गया जी की ओर जा रहे एक ट्रक को पीछे से आ रही पिकअप ने ओवरटेक करने का प्रयास किया.

कोसडीहरा मोड़ के पास हुई घटना, पिकअप चालक की हालत गंभीर

पिकअप के ओवरटेक करने के चक्कर में हुआ हादसा

प्रतिनिधि, गोह .

गोह थाना क्षेत्र के कोसडीहरा मोड़ के समीप शनिवार की रात करीब 10 बजे एक सड़क हादसे में ट्रक चालक की मौत हो गयी, जबकि पिकअप चालक गंभीर रूप से घायल हो गया. यह हादसा उस समय हुआ, जब गया जी की ओर जा रहे एक ट्रक को पीछे से आ रही पिकअप ने ओवरटेक करने का प्रयास किया. अचानक हुई इस घटना से कुछ देर के लिए सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कोसडीहरा मोड़ के समीप पिकअप चालक ने तेजी से आगे निकलने की कोशिश की. वहीं, सामने से वाहन आने की आशंका के बीच पिकअप को बचाने के प्रयास में ट्रक चालक ने वाहन पर नियंत्रण करना चाहा, लेकिन भारी वाहन होने के कारण ट्रक बेकाबू होकर सड़क किनारे पलट गया. हादसे में जान गंवाने वाले ट्रक चालक की पहचान देव थाना क्षेत्र के झौरी बिगहा निवासी राजनाथ प्रजापत (45 वर्ष) के रूप में की गयी है. बताया जाता है कि राजनाथ प्रजापत वर्षों से ट्रक चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहा था और घटना के समय वह गया जी की ओर माल लेकर जा रहा था. वहीं, इस दुर्घटना में पिकअप चालक गोह थाना क्षेत्र के असेयास गांव निवासी लालहरी के 22 वर्षीय पुत्र लोकेश कुमार गंभीर रूप से जख्मी हुआ है. दुर्घटना के बाद आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे और तत्काल पुलिस को सूचना दी. स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को वाहन से बाहर निकाला गया और गोह पीएचसी पहुंचाया गया. चिकित्सकों ने जांच के बाद ट्रक चालक राजनाथ प्रजापत को मृत घोषित कर दिया. पिकअप चालक की हालत नाजुक होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए गया जी मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया.

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया

इधर, घटना की सूचना मिलते ही गोह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात को सामान्य कराया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेजा. रविवार की सुबह औरंगाबाद में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. चालक की मौत की खबर गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया. ग्रामीणों के अनुसार मृतक अपने परिवार का मुख्य कमाने वाले सदस्य था, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.

सड़क पर सुरक्षा संकेतक लगाने की मांग

इस संबंध में गोह थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार ने बताया कि कोसडीहरा मोड़ के समीप हुई सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हुई है, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से जख्मी है. फिलहाल इस मामले में किसी पक्ष की ओर से कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है. आवेदन मिलने के बाद पुलिस द्वारा आगे की कार्रवाई की जायेगी. स्थानीय लोगों का कहना है कि कोसडीहरा मोड़ पर तेज रफ्तार और ओवरटेक करने की प्रवृत्ति के कारण पहले भी कई बार दुर्घटनाएं हो चुकी हैं. सड़क पर सुरक्षा संकेतक और निगरानी की कमी हादसों को बढ़ावा दे रही है. लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग पर यातायात नियंत्रण और सुरक्षा उपाय मजबूत करने की मांग की हैं.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: SUJIT KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >