कथरूआ में मिनी शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़, एक आरोपित गिरफ्तार

शहर के कई मुहल्लों में फैला है होम डिलीवरी का जाल, युवाओं पर पड़ रहा बुरा प्रभाव

ब्रांडेड बोतलों में भरी जा रही थी नकली शराब, 240 लीटर स्पिरिट व उपकरण जब्त नगर थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई, गुप्त सूचना पर छापेमारी कर धंधेबाज को दबोचा शहर के कई मुहल्लों में फैला है होम डिलीवरी का जाल, युवाओं पर पड़ रहा बुरा प्रभाव फोटो नंबर-11- छापेमारी के समय लगी भीड़ प्रतिनिधि, औरंगाबाद नगर नगर थाना पुलिस ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है. पुलिस ने शहर के कथरूआ गांव के समीप छापेमारी कर एक मिनी शराब फैक्ट्री का उद्भेदन किया है. इस कार्रवाई के दौरान मौके से एक शातिर धंधेबाज को गिरफ्तार किया गया है, जिसकी पहचान कथरूआ निवासी चंदन सिंह के रूप में हुई है. पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में स्पिरिट, खाली बोतलें, विभिन्न ब्रांडों के ढक्कन और शराब बनाने के अन्य उपकरण जब्त किये हैं. नगर थानाध्यक्ष बबन बैठा ने बताया कि पुलिस को उक्त स्थान पर अवैध निर्माण की गुप्त सूचना मिली थी. इसके बाद योजनाबद्ध तरीके से की गयी छापेमारी में शराब निर्माण इकाई का पर्दाफाश हुआ. फैक्ट्री से छह गैलन में भरा कुल 240 लीटर स्पिरिट बरामद किया गया है. बरामद सामग्री से यह स्पष्ट होता है कि नकली शराब तैयार कर उसे नामी ब्रांडों की बोतलों में पैक किया जा रहा था, ताकि बाजार में उसे असली बताकर खपाया जा सके. प्रारंभिक जांच के अनुसार, आरोपित लंबे समय से इस काले धंधे को अंजाम दे रहा था और आसपास के इलाकों में इसकी सप्लाई कर रहा था. प्रशासन अब इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रहा है. गिरफ्तार आरोपित से कड़ी पूछताछ की जा रही है ताकि मुख्य सप्लाई चेन और इसमें संलिप्त अन्य सफेदपोशों की पहचान की जा सके. गौरतलब है कि औरंगाबाद शहर के कई इलाकों में शराब की होम डिलिवरी का धंधा धड़ल्ले से चल रहा है. विशेषकर कथरूआ, क्षत्रियनगर, शाहपुर, टिकरी मुहल्ला, बिराटपुर, सत्येंद्र नगर और मिनी बिगहा जैसे क्षेत्रों में कई युवा इस अवैध कारोबार में संलिप्त पाये गये हैं. चिंताजनक बात यह है कि पूर्व में जेल जा चुके धंधेबाज जमानत पर बाहर आने के बाद दोबारा इसी पेशे में सक्रिय हो गये हैं. पुलिस का मानना है कि इस फैक्ट्री के पकड़े जाने से शहर में हो रही अवैध सप्लाई पर कुछ हद तक लगाम लगेगी. पुलिस अब उन मुहल्लों पर भी पैनी नजर रख रही है जहां से होम डिलिवरी की शिकायतें मिल रही हैं. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले किसी भी धंधेबाज को बख्शा नहीं जायेगा और आगे भी ऐसी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: SUJIT KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >