बांस के सहारे फंदे से लटका मिला भट्ठा मजदूर का शव

यूपी के फतेहपुर का था रहने वाला मजदूर, जांच में जुटी पुलिस

यूपी के फतेहपुर का था रहने वाला मजदूर, जांच में जुटी पुलिस

हत्या व आत्महत्या के बीच झूल रहा मामलाप्रतिनिधि, अंबा.

अंबा थाना क्षेत्र के जीवा बिगहा गांव के समीप स्थित एक ईंट भट्ठा पर काम करने वाले मजदूर का शव गुरुवार की सुबह बांसवाड़ी में बांस से लटका मिला. मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिला अंतर्गत बिंदकी थाना क्षेत्र के सहबाजपुर बेहटा निवासी मिश्री लाल के 35 वर्षीय पुत्र ज्ञान सिंह के रूप में की गयी है. ज्ञान सिंह करीब चार माह से जीवा बिगहा स्थित ईंट भट्ठा पर मजदूरी कर रहा था. गुरुवार सुबह ईंट भट्ठा के कुछ मजदूर शौच के लिए निकले थे. इसी दौरान उनकी नजर बांस से लटके शव पर पड़ी. घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गयी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गये. स्थानीय लोगों ने डायल 112 और अंबा थाना पुलिस को घटना की सूचना दी. सूचना मिलने पर पहले देव थाने की डायल 112 टीम पहुंची, लेकिन बाद में पता चला कि घटनास्थल अंबा थाना क्षेत्र में है. इसके बाद अंबा थानाध्यक्ष राहुल राज, एसआइ सुमित सुमन, पंकज कुमार और पारसनाथ सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की. पुलिस के पहुंचने से पहले ही ईंट भट्ठा पर काम कर रहे मजदूरों ने शव को फंदे से उतारकर घटनास्थल से करीब 200 मीटर दूर भट्ठा परिसर स्थित झोंपड़ी में रख दिया था. पुलिस ने वहीं से शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. थानाध्यक्ष राहुल राज ने बताया कि मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गयी है. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जायेगा. फिलहाल यूडी केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा.

रात 12 बजे के बाद थी ड्यूटी

मृतक के साथ काम करने वाले उत्तर प्रदेश के कटरा जाफरगंज निवासी मजदूर मो अली राजा ने बताया कि ज्ञान सिंह का उसके गांव में ननिहाल था, जिससे दोनों पहले से परिचित थे. करीब चार माह पहले वह उसे अपने साथ ईंट भट्ठा पर काम करने लाया था. अली राजा ने बताया कि रात 12 बजे तक उसकी खुद की ड्यूटी थी. इसके बाद ज्ञान सिंह की ड्यूटी शुरू होनी थी, लेकिन वह काम पर नहीं पहुंचा. उसे लगा कि कुछ देर में वह आ जायेगा, लेकिन सुबह शोर सुनकर पता चला कि उसका शव फंदे से लटका मिला है. अन्य मजदूरों ने बताया कि बुधवार शाम ज्ञान सिंह ने ताड़ी पी रखी थी और वह काफी नशे में था.

हत्या और आत्महत्या के बीच उलझा मामला

ज्ञान सिंह की मौत को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं. ग्रामीणों का कहना है कि बांस काफी लचीला होता है और उस पर किसी व्यक्ति का लटकना आसान नहीं माना जाता. लोगों के अनुसार शव जमीन से काफी कम ऊंचाई पर घुटने के बल लटका हुआ था, जिससे मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है. कुछ ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि संभवतः उसकी कहीं और हत्या कर शव को यहां फंदे से लटका दिया गया हो, ताकि मामले को आत्महत्या का रूप दिया जा सके. इधर, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. साक्ष्य संकलन के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया था. जानकारी के अनुसार ज्ञान सिंह दो भाइयों में सबसे छोटा था और उसकी अभी शादी नहीं हुई थी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sujit kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >