Aurangabad News: औरंगाबाद जिले के दाउदनगर थाना क्षेत्र के महावर गांव की रहने वाली 21 वर्षीय निजी स्कूल शिक्षिका नेहा कुमारी का शव शनिवार सुबह झारखंड के कोडरमा जिले में धनबाद-गया रेलखंड पर रेलवे ट्रैक से बरामद किया गया. मृतका दाउदनगर के भखरुआं स्थित डिवाइन स्ट्रीम मिशन स्कूल में कंप्यूटर शिक्षिका थीं. प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि उनकी मौत चलती ट्रेन से गिरने से हुई है.
बैग में मिले दस्तावेजों से हुई पहचान
शनिवार सुबह कोडरमा रेलवे स्टेशन के ट्रैकमैन निरीक्षण कर रहे थे, तभी तिलैया थाना क्षेत्र के टीनवाटांड़ के पास (पोल संख्या 394/27) ट्रैक पर एक युवती का शव दिखा. सूचना पर आरपीएफ और तिलैया थाना पुलिस मौके पर पहुंची. शव के पास मिले बैग में पहचान से संबंधित दस्तावेज, मार्कशीट और कॉलेज प्रमाणपत्र मिले, जिसके आधार पर मृतका की पहचान संजय कुमार सिन्हा की पुत्री नेहा कुमारी के रूप में की गई.
शुक्रवार शाम से लापता थीं शिक्षिका
मृतका की मां प्रवीणा देवी और बहन लवली सिन्हा ने बताया कि नेहा शुक्रवार को स्कूल के बाद ट्यूशन पढ़ाने गई थीं, लेकिन शाम 5 बजे तक घर नहीं लौटीं. संपर्क न होने और रात 8 बजे मोबाइल बंद मिलने पर परिजनों ने दाउदनगर थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी. स्कूल निदेशक प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि नेहा पिछले दो वर्षों से स्कूल में कार्यरत थीं और सिन्हा कॉलेज से बीकॉम भी कर रही थीं.
पुलिस कर रही है मामले की जांच
तिलैया थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को सूचित कर दिया है. परिजनों ने अभी किसी पर कोई शक या शिकायत दर्ज नहीं कराई है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आगे की जांच के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा.
