अंबा बस पड़ाव पर यात्री सुविधाओं का अभाव, शेड, शौचालय और पेयजल के लिए लोग वर्षों से कर रहे इंतजार

Aurangabad News : अंबा बाजार के नवीनगर रोड स्थित अस्थायी बस पड़ाव पर यात्रियों को मूलभूत सुविधाओं का अभाव झेलना पड़ रहा है. मूसलाधार बारिश हो या कड़ाके की ठंड, यात्रियों के लिए एक भी शेड उपलब्ध नहीं है. सालों से हो रही मांगों पर अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई है.

Aurangabad News : अंबा बाजार के नवीनगर रोड स्थित अस्थायी बस पड़ाव पर आज भी यात्रियों के लिए बुनियादी सुविधाओं का अभाव बना हुआ है. मूसलाधार बारिश, तेज धूप या कड़ाके की ठंड के दौरान भी यहां यात्रियों के सिर छिपाने के लिए एक भी यात्री शेड उपलब्ध नहीं है. सबसे बड़ी बात यह है कि इस समस्या के समाधान के लिए न प्रशासनिक स्तर पर कोई ठोस पहल की जा रही है और न ही जनप्रतिनिधियों का इस ओर ध्यान है.

चार प्रमुख मार्गों के यात्रियों को हो रही परेशानी

यह समस्या केवल नवीनगर रोड तक सीमित नहीं है, बल्कि औरंगाबाद रोड, देव रोड और हरिहरगंज रोड के यात्रियों को भी इसी तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. नवीनगर रोड स्थित बस पड़ाव से कुटुंबा, नवीनगर तथा झारखंड सीमा से सटे दर्जनों गांवों के लोग बस, ऑटो और अन्य सवारी वाहन पकड़ते हैं. प्रतिदिन बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, महिलाएं, बुजुर्ग और नौकरीपेशा लोग यहां पहुंचते हैं, लेकिन उनके लिए न यात्री शेड, न सुलभ शौचालय, न यूरिनल और न ही शुद्ध पेयजल की व्यवस्था उपलब्ध है.

महिलाओं और छात्राओं को सबसे अधिक हो रही परेशानी

यात्री सुविधाओं के अभाव का सबसे अधिक असर छात्राओं और महिलाओं पर पड़ रहा है. वाहन का इंतजार करने के दौरान शौचालय और यूरिनल की सुविधा नहीं होने से उन्हें काफी असहज स्थिति का सामना करना पड़ता है. स्थानीय लोगों का कहना है कि आसपास सरकारी जमीन होने के बावजूद उस पर अतिक्रमण होने के कारण जनसुविधा केंद्र का निर्माण नहीं हो सका है. ऐसे में महिलाओं और बालिकाओं को मजबूरी में इधर-उधर जाना पड़ता है.

वाहनों के इंतजार में घंटों सड़क किनारे खड़ी रहती हैं छात्राएं

शुक्रवार को सवारी वाहन का इंतजार कर रही कई छात्राओं ने बताया कि कॉलेज और कोचिंग आने-जाने के दौरान उन्हें घंटों सड़क किनारे खड़ा रहना पड़ता है. दोमुहान पुल क्षतिग्रस्त होने के कारण वाहनों का परिचालन भी प्रभावित है, जिससे इंतजार का समय और बढ़ गया है. छात्राओं ने आरोप लगाया कि बस के कंडक्टर उन्हें पहले बस में बैठने की अनुमति नहीं देते. जब बस खुलने लगती है, तभी चढ़ने के लिए कहा जाता है. इस जल्दबाजी में कई बार छात्राएं बस पर चढ़ते समय दुर्घटना का शिकार होने से बाल-बाल बचती हैं. तेज धूप और उमस के बीच बिना यात्री शेड के इंतजार करना उनकी मजबूरी बन गया है. वहीं, पेयजल की सुविधा नहीं होने से भी उन्हें काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है.

वर्षों से उठ रही मांग, अब तक नहीं हुई पहल

स्थानीय नागरिक भगवान सोनी, अरविंद साव, अजय साव और सुबोध कुमार ने बताया कि वर्षों से यहां यात्री शेड, सुलभ शौचालय, यूरिनल और प्याऊ निर्माण की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई है. लोगों ने जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से अंबा बाजार के इस महत्वपूर्ण बस पड़ाव पर जल्द से जल्द आवश्यक जनसुविधाओं का निर्माण कराने की मांग की है.

महिला जनसुविधा केंद्र की बताई आवश्यकता

मंडल अध्यक्ष प्रवीण गुप्ता, मेडिकल संचालक राजेश कुमार और सुरेश गुप्ता ने कहा कि प्रतिदिन आने-जाने वाले सैकड़ों यात्रियों, विशेषकर छात्राओं और महिलाओं, की सुविधा को देखते हुए यहां महिला जनसुविधा केंद्र, यात्री शेड, शौचालय और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था जल्द की जानी चाहिए. इससे यात्रियों को काफी राहत मिलेगी.

Also Read : आधे घंटे की बारिश में डूबे दाउदनगर के दोनों राष्ट्रीय राजमार्ग, जल निकासी व्यवस्था की खुली पोल



प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Sujit kumar

Published by: Yuvraj Ratan

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >