बिहार सरकार की उद्योग एवं खेल मंत्री श्रेयसी सिंह शनिवार की शाम औरंगाबाद जिले के अंबा पहुंचीं, जहां उन्होंने प्रसिद्ध सतबहिनी मंदिर में पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और मां का आशीर्वाद लिया.
मंत्री के मंदिर पहुंचने पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) के कार्यकर्ताओं और मंदिर प्रबंधन समिति की ओर से उनका भव्य स्वागत किया गया. कुटुंबा पूर्वी मंडल अध्यक्ष प्रवीण कुमार गुप्ता ने मंत्री को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया.
पूजा-अर्चना संपन्न करने के बाद मंत्री सीधे संडा पहुंचीं, जहां उन्होंने बिहार-झारखंड सीमा के समीप स्थित प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल का बारीकी से निरीक्षण किया.
इस दौरान उन्होंने वहां चल रही आयोजन की तैयारियों और उपलब्ध व्यवस्थाओं की प्रत्यक्ष जानकारी ली. उन्होंने स्थानीय कार्यकर्ताओं से बातचीत कर कार्यक्रम को लेकर अब तक की गई तैयारियों का जायजा भी लिया.
संडा में होगा 'सेवा ज्योति कलश यात्रा' का भव्य स्वागत
प्राप्त जानकारी के अनुसार, देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन और उनके यशस्वी 25 वर्षों के राजनीतिक सफर के विशेष अवसर पर 'सेवा संकल्प अभियान' चलाया जा रहा है. इसी अभियान के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जन्मस्थली वडनगर से 'सेवा ज्योति कलश यात्रा' निकाली गई है.
यह ऐतिहासिक यात्रा संडा और अंबा के रास्ते होते हुए उनकी कर्मस्थली वाराणसी तक जाएगी. बिहार-झारखंड सीमा के समीप संडा में इस यात्रा का भव्य स्वागत किया जाएगा, जिसके उपरांत इसे आगे वाराणसी के लिए रवाना किया जाएगा.
बिहार-झारखंड के दिग्गज नेता होंगे शामिल
इस 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत आगामी पांच अक्टूबर को संडा में एक बड़े कार्यक्रम का आयोजन प्रस्तावित है. इस कार्यक्रम में बिहार सरकार के कई कैबिनेट मंत्रियों के अलावा बिहार और झारखंड के भारतीय जनता पार्टी के सैकड़ों वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता शिरकत करेंगे. चूंकि संडा बिहार और झारखंड की सीमा के बिल्कुल समीप स्थित है, इसलिए सामरिक और राजनीतिक दृष्टिकोण से इसे इस बड़े आयोजन के लिए बेहद महत्वपूर्ण स्थल माना जा रहा है.
दौरे के दौरान मंत्री श्रेयसी सिंह ने स्थानीय कार्यकर्ताओं से संवाद कर तैयारियों की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. कार्यकर्ताओं ने उन्हें आयोजन की रूपरेखा और संगठन स्तर पर सौंपी गई जिम्मेदारियों से अवगत कराया.
मंत्री के इस अचानक दौरे से स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा गया है और कार्यक्रम को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने के लिए संगठन स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं.
इस अवसर पर औरंगाबाद विधायक त्रिविक्रम नारायण सिंह, एमएलसी दिलीप कुमार सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष विजेंद्र चंद्रवंशी, उज्ज्वल कुमार सिंह, पूर्व मंडल अध्यक्ष परमेश्वर बैठा, खुशबू देवी, कंचन गुप्ता, अरविंद पासवान और पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज शर्मा सहित बड़ी संख्या में पार्टी के अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे.
