बिहार-झारखंड बॉर्डर पर रविवार की सुबह एक के बाद एक हुई तीन घटनाओं से दुकानदारों में दहशत फैल गई. टंडवा थाना क्षेत्र के शिकारपुर-बलथर मोड़ के समीप असामाजिक तत्वों ने दो दुकानों को निशाना बनाकर चोरी की, जबकि एक पान गुमटी में आग लगा दी. एक ही रात चोरी और आगजनी की तीन घटनाओं के बाद स्थानीय दुकानदारों में आक्रोश है.
पीड़ित दुकानदारों ने मामले में शामिल असामाजिक तत्वों की पहचान कर जल्द सख्त कार्रवाई करने की मांग पुलिस से की है. घटना की जानकारी मिलने के बाद टंडवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी.
दो दुकानों के ताले तोड़कर चोरी
जानकारी के अनुसार, झारखंड के शिकारपुर निवासी अभिमन्यु कुमार की साइकिल दुकान में चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया. इसके बाद शिकारपुर निवासी शिकेश कुमार सिंह की एसके टेलीकॉम नामक मोबाइल दुकान को भी निशाना बनाया गया.
चोरों ने मोबाइल दुकान का ताला तोड़कर करीब एक लाख रुपये मूल्य की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया. दुकान में चोरी की जानकारी मिलने के बाद पीड़ित दुकानदारों के होश उड़ गये.
पान गुमटी में लगायी आग
इधर, असामाजिक तत्वों ने शिकारपुर निवासी अभिषेक कुमार की पान गुमटी में आग लगा दी. आग लगने से गुमटी में रखा सामान जलकर नष्ट हो गया. पीड़ित के अनुसार, इस घटना में करीब 20 हजार रुपये का नुकसान हुआ है.
एक ही इलाके में चोरी की दो घटनाओं के साथ पान गुमटी में आग लगाये जाने से स्थानीय दुकानदारों में भय और आक्रोश का माहौल है.
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शुरू की जांच
रविवार की अहले सुबह घटना की जानकारी मिलते ही टंडवा थाना पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची. पुलिस ने पीड़ित दुकानदारों से घटना की जानकारी ली और घटनास्थल का निरीक्षण किया.
पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है. स्थानीय लोगों से भी घटना को लेकर जानकारी ली जा रही है.
गश्ती बढ़ाने की मांग
स्थानीय लोगों का कहना है कि एक ही इलाके में एक ही रात चोरी और आगजनी की तीन घटनाएं होना गंभीर मामला है. लोगों ने पुलिस से क्षेत्र में गश्ती बढ़ाने और घटनाओं में शामिल असामाजिक तत्वों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और घटनाओं से जुड़े लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है.