Aurangabad News : औरंगाबाद जिला के कुटुंबा थाना क्षेत्र के शेखपुरा गांव में दो पक्षों के बीच हुए विवाद में एक अधेड़ गंभीर रूप से घायल हो गए. घायल प्रमोद पासवान का पहले रेफरल अस्पताल, कुटुंबा में प्राथमिक उपचार कराया गया, जहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया. घटना को लेकर घायल के पुत्र ने थाने में आवेदन देकर गांव के कुछ लोगों पर मारपीट, छेड़खानी और जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया है.
पत्नी और नाबालिग बेटी से छेड़खानी का आरोप
घायल के पुत्र संतोष पासवान ने कुटुंबा थाना में दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि बुधवार की रात करीब आठ बजे उनकी पत्नी और नाबालिग बेटी शौच के लिए घर से बाहर गई थीं. इसी दौरान गांव के विनय पासवान, नीतीश पासवान और रंजीत पासवान ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया तथा गलत हरकत करने का प्रयास किया.
पूछताछ करने पहुंचे पिता पर लाठी-डंडों से हमला
आवेदन के अनुसार, घटना की जानकारी मिलने के बाद गुरुवार की सुबह उनके पिता प्रमोद पासवान आरोपितों से पूछताछ करने उनके घर गए. आरोप है कि वहां पहले से मौजूद पंकज पासवान, दिलीप पासवान, सत्येंद्र पासवान समेत अन्य लोगों ने उन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया. मारपीट में प्रमोद पासवान के सिर में गंभीर चोट लगी.
आसपास के लोगों की मदद से उन्हें तत्काल रेफरल अस्पताल, कुटुंबा ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया.
पुलिस ने शुरू की जांच
कुटुंबा थानाध्यक्ष इमरान आलम ने बताया कि शेखपुरा गांव में मारपीट की सूचना मिली है. पीड़ित पक्ष की ओर से आवेदन प्राप्त हुआ है. मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
