औरंगाबाद के संत रविदास विकास शिविर में 59 आवेदनों का हुआ निष्पादन, 178 ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण

Aurangabad News : बर्डी खुर्द पंचायत में आयोजित संत रविदास विकास शिविर में डीडीसी ने बाल विवाह के खिलाफ महिलाओं को जागरूक किया और सरकारी योजनाओं का लाभ दिया।

Aurangabad News : अंबा प्रखंड क्षेत्र की बर्डी खुर्द पंचायत स्थित पंचायत सरकार भवन में गुरुवार को जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर पहुंचाने और ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से ‘श्री संत रविदास विकास शिविर’ का आयोजन किया गया. शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में उप विकास आयुक्त कुमारी अनुपम सिंह शामिल हुईं. उन्होंने ग्रामीणों को सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और पात्र लाभुकों से योजनाओं का लाभ लेने की अपील की.

कुप्रथाओं के खिलाफ मुखर हों महिलाएं : डीडीसी

शिविर को संबोधित करते हुए डीडीसी कुमारी अनुपम सिंह ने विशेष रूप से महिलाओं से सामाजिक बदलाव में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की. उन्होंने कहा कि बाल विवाह गंभीर सामाजिक कुप्रथा होने के साथ-साथ कानूनी अपराध भी है. समाज को बाल विवाह जैसी कुप्रथा से मुक्त कराने के लिए महिलाओं को सजग और सशक्त होना होगा. उन्होंने कहा कि कहीं बाल विवाह की सूचना मिले या ऐसा प्रयास किया जा रहा हो, तो महिलाएं उसका पुरजोर विरोध करें और तत्काल स्थानीय प्रशासन को सूचित करें. ऐसे मामलों में प्रशासन की ओर से त्वरित और सख्त कार्रवाई की जाएगी.

डीडीसी ने बताया कि आम लोगों की सुविधा के लिए 15 फरवरी तक प्रत्येक गुरुवार को विभिन्न पंचायतों में इस विशेष शिविर का आयोजन किया जाएगा. शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ उनकी समस्याओं के समाधान का प्रयास किया जाएगा.

विभिन्न विभागों के लगाए गए स्टॉल

शिविर परिसर में ग्रामीणों की सहायता और आवेदन प्राप्त करने के लिए विभिन्न विभागों की ओर से अलग-अलग स्टॉल लगाए गए थे. इनमें जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र, भूमि आच्छादन एवं बंदोबस्ती, बुनियाद केंद्र, मनरेगा जॉब कार्ड, व्यक्तिगत शौचालय निर्माण, मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना तथा प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण से संबंधित स्टॉल प्रमुख रहे. बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों ने संबंधित काउंटरों पर अपनी समस्याएं रखीं और विभिन्न योजनाओं के लिए आवेदन जमा किए.

59 आवेदनों का हुआ त्वरित निष्पादन

प्रखंड विकास पदाधिकारी नीरज कुमार ने शिविर की प्रगति की जानकारी देते हुए बताया कि विभिन्न लोककल्याणकारी योजनाओं और समस्याओं से संबंधित कुल 59 आवेदन प्राप्त हुए. अधिकारियों ने आवेदनों पर त्वरित संज्ञान लेते हुए उनका निष्पादन किया. इससे ग्रामीणों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अलग-अलग कार्यालयों का चक्कर लगाने से राहत मिली.

178 ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण

शिविर में स्वास्थ्य विभाग की ओर से मेडिकल कैंप का भी आयोजन किया गया. स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शिविर में पहुंचे 178 पुरुष, महिलाओं और बुजुर्गों की सामान्य स्वास्थ्य जांच की. इस दौरान ग्रामीणों को आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया गया और जरूरत के अनुसार दवाइयां भी वितरित की गयीं.

अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की रही मौजूदगी

शिविर का संचालन आरओ विवेक कुमार ने किया. मौके पर सीओ नारायण राय, मुखिया प्रतिनिधि मंजीत कुमार, आर्यन कुमार, पंचायत सचिव भोला राम, विकास मित्र अरविंद कुमार, मंजय कुमार, सतेंद्र यादव सहित अन्य अधिकारी, कर्मी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे.

Also Read : बेगूसराय के जिला परिषद में मनमानी व दोहरी नीति का आरोप, अध्यक्ष सुरेंद्र पासवान का अनिश्चितकालीन धरना जारी


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By राजू रंजन

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >