Aurangabad News : दाउदनगर प्रखंड की अंछा, बेलवां एवं मनार पंचायतों में 11 अगस्त को विशेष सहयोग शिविर का आयोजन किया जाएगा. शिविर की तैयारियों को लेकर सोमवार को प्रखंड कार्यालय में समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी मो. जफर इमाम ने की. इसमें संबंधित पंचायतों के पंचायत सचिव, पंचायत प्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के कर्मियों ने भाग लिया.
30 काउंटरों पर मिलेगी सरकारी योजनाओं की सुविधा
बैठक में बीडीओ मो. जफर इमाम ने कहा कि सहयोग शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना और उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ आसानी से उपलब्ध कराना है. शिविर में करीब 30 अलग-अलग काउंटर लगाए जाएंगे, जहां पेंशन, राशन, राजस्व, प्रमाण-पत्र समेत विभिन्न सरकारी योजनाओं और सेवाओं से संबंधित मामलों का ऑन-द-स्पॉट निष्पादन किया जाएगा.
अभी से आवेदन लेने के दिए निर्देश
बीडीओ ने सभी संबंधित कर्मियों और पंचायत प्रतिनिधियों को निर्देश दिया कि शिविर के दिन तक इंतजार न करें. ग्रामीणों से अभी से आवेदन प्राप्त करना शुरू करें, ताकि उनकी प्रारंभिक जांच पहले ही पूरी की जा सके. इससे शिविर के दौरान अधिक से अधिक मामलों का तत्काल निष्पादन संभव होगा.
अधिक से अधिक ग्रामीणों को मिले योजनाओं का लाभ
उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें, इसके लिए सभी विभागीय कर्मी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें. शिविर में आने वाले लोगों को उनकी समस्याओं के समाधान के साथ-साथ विभिन्न सरकारी योजनाओं और सेवाओं की जानकारी भी दी जाएगी.
दूर-दराज के लोगों तक पहुंचेगी सरकारी सुविधा
बीडीओ ने अधिकारियों एवं कर्मियों को सहयोग शिविर को शत-प्रतिशत सफल बनाने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि विशेष रूप से दूर-दराज के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने को प्राथमिकता दी जाए, ताकि अधिक से अधिक ग्रामीण इस पहल का लाभ उठा सकें.
Also Read : बेगूसराय में गंगा स्नान के लिए जा रहे मां-बेटे की सड़क हादसे में मौत, सदमे में पिता ने भी तोड़ा दम
