दाउदनगर. प्रखंड क्षेत्र की महावर और अकोढ़ा पंचायतों में 21 जुलाई को आयोजित होने वाले सहयोग शिविर की तैयारियों को प्रशासन ने अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है. शिविर के सफल आयोजन और अधिक से अधिक लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से बीडीओ मो. जफर इमाम की अध्यक्षता में महावर पंचायत भवन और अकोढ़ा के मनरेगा भवन में समीक्षा बैठक आयोजित की गई.
सभी विभागों को आपसी समन्वय से काम करने के निर्देश
बैठक में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, आंगनबाड़ी सेविका-सहायिकाओं, विकास मित्रों और पंचायत स्तर के कर्मियों ने भाग लिया. बीडीओ ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिया कि शिविर के आयोजन में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि सहयोग शिविर का उद्देश्य एक ही स्थान पर आम लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की सुविधा उपलब्ध कराना है, इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें.
30 काउंटरों पर मिलेंगी विभिन्न सरकारी सेवाएं
बैठक में शिविर की रूपरेखा और समय-सारिणी की जानकारी भी दी गई. महावर पंचायत भवन में सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक तथा अकोढ़ा पंचायत के मनरेगा भवन में दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक शिविर आयोजित होगा. शिविर में 30 अलग-अलग काउंटर लगाए जाएंगे, जहां राशन कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राजस्व सेवाएं, मनरेगा, स्वास्थ्य विभाग, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, जाति, आय और आवासीय प्रमाणपत्र समेत अन्य योजनाओं से जुड़े आवेदन स्वीकार किए जाएंगे.
ग्रामीणों से शिविर का लाभ उठाने की अपील
बीडीओ ने सभी कर्मियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्र में शिविर की व्यापक जानकारी दें, ताकि अधिक से अधिक ग्रामीण इसका लाभ उठा सकें. उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि लोगों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और पंचायत स्तर पर ही उनकी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित हो. साथ ही उन्होंने दोनों पंचायतों के लोगों से निर्धारित समय पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर में पहुंचकर उपलब्ध सेवाओं का लाभ उठाने की अपील की.
