Rotary Club Aurangabad : सोमवार की रात रोटरी क्लब औरंगाबाद का बहुप्रतीक्षित कॉलर चेंज प्रोग्राम शहर के सम्राट अशोक भवन के प्रांगण में गरिमामय माहौल में आयोजित किया गया. समारोह में वर्ष 2026-27 के लिए जाने-माने चिकित्सक डॉ धनंजय कुमार को रोटरी क्लब का नया अध्यक्ष तथा समाजसेवी धीरज अजनबी को सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई.
अतिथियों ने संयुक्त रूप से किया उद्घाटन, राष्ट्रीय गीत से हुई शुरुआत
कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि उप विकास आयुक्त अनुपम सिंह, नगर परिषद के चेयरमैन उदय कुमार गुप्ता, रेड क्रॉस के अध्यक्ष सतीश कुमार सिंह, डीपीएम अनवर आलम, रोटेरियन शोभा रानी एवं पूर्व अध्यक्ष अजीत चंद्रा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया. इसके बाद राष्ट्रीय गीत की प्रस्तुति के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ.
उप विकास आयुक्त ने नई टीम को दिलाई शपथ
समारोह का सबसे भावुक और महत्वपूर्ण क्षण उस समय आया, जब पूर्व अध्यक्ष एवं पूर्व सचिव ने नए अध्यक्ष और सचिव को औपचारिक रूप से अपनी जिम्मेदारियां सौंपीं. इसके बाद उप विकास आयुक्त अनुपम सिंह ने डॉ धनंजय कुमार और धीरज अजनबी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई.
इस दौरान उपस्थित लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ नई टीम का स्वागत किया. पूर्व अध्यक्ष अजीत चंद्रा ने अपने कार्यकाल के दौरान रोटरी क्लब द्वारा किए गए सामाजिक, स्वास्थ्य एवं जनकल्याणकारी कार्यों की उपलब्धियों को विस्तार से रखा.
उन्होंने कहा कि क्लब का उद्देश्य समाज के जरूरतमंद लोगों तक सेवा पहुंचाना और विभिन्न सामाजिक सरोकारों से जुड़कर सकारात्मक बदलाव लाना है.
मुख्य अतिथि ने की समाज सेवा की अपील, संस्थाओं की भूमिका को बताया महत्वपूर्ण
मुख्य अतिथि उप विकास आयुक्त अनुपम सिंह ने नई टीम को बधाई देते हुए कहा कि रोटरी जैसी सामाजिक संस्थाओं की भूमिका समाज के विकास में महत्वपूर्ण है. उन्होंने नए अध्यक्ष और सचिव से सेवा, समर्पण और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना के साथ कार्य करने की अपील की.
समारोह में बड़ी संख्या में गणमान्य रहे मौजूद, महमूद आलम ने किया मंच संचालन
मौके पर रोटेरियन डॉ शोभा रानी, दीपक कुमार, अनीता सिंह, डॉ. बी. किशोर, समाजसेवी पवन सिंह, खुर्शीद आलम, मरगूब आलम, डॉ रवि रंजन, डॉ बीके सिंह, कृष्णा सिंह, अरुणजय सिंह, अविनाश सिंह, मिशन स्कूल के प्राचार्य फादर मनीष जूलियस ओस्ता, विक्की पांडेय, मनोज सिंह, कौशल कुमार पिंटू, शिव कुमार गुप्ता, कृष्णा कुमार पिंटू समेत बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित थे. कार्यक्रम का संचालन महमूद आलम ने किया. समारोह सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ और नई टीम के नेतृत्व में रोटरी क्लब के सामाजिक कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद जताई गई.
