Aurangabad News : सड़क दुर्घटना रोकथाम फाउंडेशन समिति के कार्यालय में रविवार की शाम कोर कमेटी के सदस्यों की उपस्थिति में बैठक आयोजित की गई. बैठक में संगठन के आगामी कार्यक्रमों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई.
पौधारोपण अभियान चलाकर किया जाएगा जागरूक
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आगामी दिनों में संगठन की ओर से प्रखंड मुख्यालय सहित सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में पौधारोपण अभियान चलाया जाएगा. इसके माध्यम से लोगों को पर्यावरण संरक्षण और अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए जागरूक किया जाएगा.
11 अगस्त को निकलेगी भव्य तिरंगा यात्रा
बैठक में तय किया गया कि 11 अगस्त को खरांटी स्थित शहीद जगतपति कुमार के स्मारक से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी. यात्रा के माध्यम से देशभक्ति, सामाजिक एकता और जनजागरूकता का संदेश दिया जाएगा.
मेडिकल कैंप और एनएच-139 फोरलेनिंग को लेकर भी बनी रणनीति
संगठन ने प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न गांवों में मेडिकल कैंप आयोजित करने का भी निर्णय लिया. इसके अलावा राष्ट्रीय राजमार्ग-139 के फोरलेन निर्माण की मांग को लेकर एक तिथि निर्धारित कर शांतिपूर्ण तरीके से एकदिवसीय सड़क बंदी कार्यक्रम आयोजित करने पर भी सहमति बनी.
बैठक में कई सदस्य रहे उपस्थित
बैठक में पुष्कर अग्रवाल, नवलेश मिश्रा, चंदन सिंह, गुड्डू सिंह, मुकेश कुमार, आनंद विश्वकर्मा, सहजानंद कुमार डिक्कू एवं रॉकी दूबे सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे. सभी ने संगठन के आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया.
