Aurangabad News : औरंगाबाद जिला के कुटुंबा प्रखंड के रिसियप निवासी और राष्ट्रीय जनता दल के प्रखंड सचिव सरोज यादव के आकस्मिक निधन से पार्टी कार्यकर्ताओं और क्षेत्र में शोक की लहर है. निधन की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में राजद कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग उनके अंतिम संस्कार में शामिल हुए और भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की. उनके निधन पर राजद प्रखंड अध्यक्ष सतनारायण शर्मा की अध्यक्षता में शोकसभा आयोजित की गयी. इसमें उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की और शोकाकुल परिजनों को दुख सहने की शक्ति देने की कामना की.
सामाजिक सरोकारों में हमेशा आगे रहते थे सरोज यादव
राजद के प्रदेश महासचिव सह जिला परिषद उपाध्यक्ष प्रतिनिधि ई. सुबोध कुमार सिंह ने कहा कि सरोज यादव केवल राजनीतिक कार्यकर्ता नहीं थे, बल्कि समाजसेवा और जनहित के कार्यों में भी हमेशा आगे रहते थे. जरूरतमंदों और पीड़ित परिवारों की मदद के लिए वे हर समय तत्पर रहते थे. उनके निधन से राजद परिवार के साथ पूरे क्षेत्र को अपूरणीय क्षति हुई है.
सरल स्वभाव और मिलनसार व्यक्तित्व को किया याद
शोकसभा में अन्य वक्ताओं ने भी सरोज यादव के राजनीतिक और सामाजिक योगदान को याद किया. वक्ताओं ने कहा कि उनकी अंतिम यात्रा में उमड़ा जनसैलाब इस बात का प्रमाण है कि वे लोगों के बीच कितने लोकप्रिय और सम्मानित थे. उनका सरल स्वभाव, मिलनसार व्यक्तित्व और सामाजिक प्रतिबद्धता हमेशा लोगों को प्रेरित करती रहेगी.
बड़ी संख्या में पहुंचे जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता
शोकसभा और अंतिम संस्कार में जिला पार्षद शंकर यादव, पूर्व प्रमुख मनोज यादव, मुखिया रविंद्र यादव, सिकंदर यादव, अनिल यादव, ओमप्रकाश गुप्ता, संजय यादव, मुखिया प्रतिनिधि पुटु यादव, समाजसेवी इंदल यादव, मुखिया वीरेंद्र यादव, पैक्स अध्यक्ष सत्येंद्र यादव, देव व्यापार मंडल अध्यक्ष अरविंद कुमार सिंह, राजद नेता उदय उज्ज्वल, विकास कुमार, सुशील कुमार सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे. सभा के अंत में सभी ने दिवंगत सरोज यादव के सामाजिक और राजनीतिक योगदान को स्मरण करते हुए श्रद्धासुमन अर्पित किया.
