औरंगाबाद के अंबा बाजार की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर शुक्रवार को अंबा चौक पर लोगों ने सांकेतिक रूप से सड़क जाम कर विरोध जताया. आंदोलनकारियों ने जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए बाजार की समस्याओं के जल्द समाधान की मांग की. इस दौरान लोगों ने ‘भ्रष्टाचार नहीं चलेगा’, ‘लीपापोती नहीं चलेगी’, ‘धूल उड़ाना बंद करो’ और ‘हमारी मांगें पूरी करो’ समेत कई नारे लगाये. आंदोलन का नेतृत्व बीस सूत्री अध्यक्ष प्रवीण कुमार ने किया.
धूल से परेशानी, नियमित पानी छिड़काव की मांग
प्रवीण कुमार ने कहा कि अंबा बाजार में लंबे समय से कई बुनियादी समस्याएं बनी हुई हैं. इससे आम लोगों, दुकानदारों, राहगीरों और स्थानीय व्यवसायियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. बाजार में सड़क निर्माण और अन्य कार्यों के कारण लगातार धूल उड़ रही है. इसके बावजूद नियमित रूप से पानी का छिड़काव नहीं कराया जा रहा है. उन्होंने कहा कि लोगों की परेशानी को देखते हुए सांकेतिक सड़क जाम कर प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया गया है.
जर्जर सड़क और नाली की समस्या उठायी
मुखिया संघ के प्रखंड अध्यक्ष मंजीत यादव ने कहा कि अंबा-नवीनगर रोड की स्थिति जर्जर है और सड़क के साथ नाली की समस्या भी बनी हुई है. वहीं एनएच-139 के किनारे बने नाले की सफाई नहीं होने से जलनिकासी की समस्या उत्पन्न होती है. उन्होंने कहा कि इन समस्याओं का स्थायी समाधान कराया जाना जरूरी है. इसके लिए संबंधित विभाग से कई बार अनुरोध किया गया, लेकिन समाधान नहीं हो सका. उन्होंने चेतावनी दी कि प्रशासन की ओर से जल्द पहल नहीं की गयी, तो आने वाले दिनों में व्यापक स्तर पर आंदोलन किया जायेगा.
स्थानीय व्यवसायियों के मालवाहक वाहनों को प्रवेश की मांग
आंदोलनकारियों ने अंबा-नवीनगर रोड में स्थानीय व्यवसायियों के मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर लगी रोक को हटाने की भी मांग की. उनका कहना था कि बाजार में बड़ी संख्या में स्थानीय व्यवसायी हैं, जिन्हें सामान मंगाने और पहुंचाने के लिए मालवाहक वाहनों की आवश्यकता होती है. मालवाहक वाहनों के प्रवेश को लेकर उत्पन्न समस्या से व्यवसाय प्रभावित हो रहा है. स्थानीय व्यवसायियों की सुविधा को देखते हुए इस संबंध में उचित व्यवस्था करने की मांग की गयी.
जर्जर सड़क, नाली और नाले के समाधान की मांग
आंदोलनकारियों ने कहा कि अंबा बाजार में सड़क से लगातार धूल उड़ने के कारण दुकानदारों और राहगीरों को परेशानी हो रही है. धूल दुकानों में पहुंचने के साथ लोगों के आवागमन को भी प्रभावित कर रही है. ऐसे में सड़क का स्थायी समाधान होने तक बाजार क्षेत्र में नियमित पानी का छिड़काव कराने की मांग की गयी. इसके अलावा जर्जर सड़क और नाली का निर्माण तथा एनएच-139 के नाले की सफाई एवं नव निर्माण की मांग भी उठायी गयी.
कई लोग रहे मौजूद
सांकेतिक रोड जाम के दौरान ब्रह्मर्षि विकास व जनकल्याण मंच के अध्यक्ष अजित पांडेय, पंचायत समिति सदस्य प्रतिनिधि कंचन गुप्ता, गुड्डू पासवान, रंजीत गुप्ता, प्रमोद गुप्ता, नंदू कुमार, छोटू, राम बाबू गुप्ता, संजय गुप्त, बब्लू गुप्ता समेत अन्य लोग मौजूद रहे.
