Aurangabad news: आंध्र प्रदेश के चित्तूर में योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित जिला योगासन चैम्पियनशिप में बिहार के औरंगाबाद जिले के देव प्रखंड अंतर्गत पडरिया गांव निवासी प्रियतम कुमार सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया. इस उपलब्धि के बाद उनका चयन राज्य स्तरीय योगासन प्रतियोगिता के लिए भी हो गया है.
आईआईएसईआर तिरुपति में कार्यरत हैं प्रियतम
प्रियतम कुमार सिंह स्वर्गीय शैलेन्द्र सिंह के पुत्र हैं तथा उनकी माता का नाम गीता कुंवर है. उनका पैतृक निवास देव प्रखंड के पडरिया गांव में है. वर्तमान में वे भारतीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (आईआईएसईआर), तिरुपति के प्रशासनिक विभाग में कार्यरत हैं. व्यस्त दिनचर्या के बावजूद उन्होंने योग का नियमित अभ्यास जारी रखा.
उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर जीता स्वर्ण
प्रतियोगिता में विभिन्न प्रतिभागियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा रही. प्रियतम कुमार सिंह ने अपने संतुलन, लचीलेपन और तकनीकी दक्षता से निर्णायकों को प्रभावित करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया. उनके शानदार प्रदर्शन के आधार पर अब वे राज्य स्तरीय योगासन प्रतियोगिता में अपने राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे.
सफलता का श्रेय माता-पिता और गुरुजनों को दिया
स्वर्ण पदक जीतने के बाद प्रियतम कुमार सिंह ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता के आशीर्वाद, संस्थान के अधिकारियों, सहकर्मियों, जवाहर नवोदय विद्यालय बोकारो के शिक्षकों एवं गुरुजनों के मार्गदर्शन तथा गांव और समाज के लोगों के सहयोग को दिया. उन्होंने कहा कि निरंतर अभ्यास, अनुशासन और सभी के प्रोत्साहन ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया है.
क्षेत्र में खुशी का माहौल
प्रियतम की इस उपलब्धि से उनके परिवार, मित्रों और क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है. स्थानीय लोगों ने इसे औरंगाबाद जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया. लोगों ने उम्मीद जताई कि वे भविष्य में राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी जिले और बिहार का नाम रोशन करेंगे.
