औरंगाबाद जिले के मदनपुर प्रखंड अंतर्गत आजन थाना की पुलिस ने अवैध शराब निर्माण के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना क्षेत्र के सहजपुर के जंगली एवं पहाड़ी इलाके में अवैध रूप से संचालित हो रही चार शराब भट्ठियों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया है.
पुलिस ने मौके पर कार्रवाई करते हुए करीब 3,500 लीटर जावा महुआ को भी पूरी तरह नष्ट कर दिया है. पुलिस की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से क्षेत्र के शराब कारोबारियों और अवैध निर्माण में लगे लोगों में हड़कंप मच गया है.
आजन थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सहजपुर के सुनसान जंगली एवं पहाड़ी क्षेत्र में कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा महुआ शराब का अवैध निर्माण किया जा रहा है.
इस सूचना के मिलने के बाद उसका सत्यापन किया गया और पुलिस टीम ने तुरंत उक्त इलाके में छापेमारी की. पुलिस के वाहन और बल को देखकर शराब निर्माण में जुटे धंधेबाज मौके से भाग निकलने में सफल रहे.
चार भट्ठियां ध्वस्त और 3,500 लीटर जावा महुआ नष्ट
छापेमारी के दौरान पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर अवैध रूप से चलाई जा रही चारों शराब भट्ठियों को मौके पर ही नेस्तनाबूद कर दिया.
इसके अलावा, शराब के निर्माण के लिए ड्रमों और टंकियों में तैयार करके रखे गए करीब 3,500 लीटर जावा महुआ को भी बरामद कर यथास्थान ही विनष्ट कर दिया गया. पुलिस ने शराब निर्माण में उपयोग होने वाले कई अन्य उपकरणों और सामग्रियों को भी मौके पर ही नष्ट कर दिया है.
Also Read : औरंगाबाद में विद्यार्थियों के लिए नई पहल, 1100 पर दर्ज कराएं शिकायत, 30 दिनों में होगा समाधान
थानाध्यक्ष ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जंगल और पहाड़ी दुर्गम क्षेत्रों का फायदा उठाकर अवैध शराब का निर्माण करने वाले तस्करों और कारोबारियों के खिलाफ पुलिस का यह विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा.
उन्होंने चेतावनी दी कि शराब निर्माण और इसकी बिक्री में संलिप्त पाए जाने वाले सभी लोगों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस की इस सख्त कार्रवाई के बाद से इलाके के अवैध शराब माफियाओं में भारी खलबली मची हुई है.
