औरंगाबाद जिले के जम्होर थाना क्षेत्र के बलिकरना गांव में दो पक्षों के बीच हुए विवाद को शांत कराने पहुंची पुलिस टीम पर हमला कर दिया गया. इस घटना में जम्होर थानाध्यक्ष सूर्यवीर कुमार समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए. महिला पुलिसकर्मी के घायल होने की भी सूचना है. वहीं, कुछ ग्रामीणों के भी घायल होने की बात सामने आई है.
थानाध्यक्ष समेत कई पुलिसकर्मी घायल
सदर एसडीपीओ सुशील कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि ग्रामीणों द्वारा पुलिस टीम पर हमला किया गया, जिसमें थानाध्यक्ष सहित चार पुलिसकर्मी घायल हुए हैं. सभी घायलों का इलाज कराया गया. थानाध्यक्ष सूर्यवीर कुमार का इलाज सदर अस्पताल के आईसीयू में चल रहा है.
दो पक्षों में मारपीट के बाद पहुंची थी पुलिस
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बलिकरना गांव में दलित और महादलित परिवारों के दो पक्षों के बीच मारपीट हुई थी. इस मामले में जम्होर थाना में प्राथमिकी भी दर्ज की गई थी. मंगलवार की रात पुलिस गांव पहुंचकर दोनों पक्षों के बीच तनाव कम कराने का प्रयास कर रही थी. इसी दौरान कुछ लोग आक्रोशित हो गए और पुलिस टीम पर हमला कर दिया.
हमले के कारणों की जांच जारी
घटना को लेकर यह भी चर्चा है कि पुलिस शराब कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए गांव पहुंची थी. बताया जा रहा है कि कुछ लोगों को हिरासत में लेने के बाद ग्रामीण आक्रोशित हो गए. हालांकि पुलिस ने अभी तक हमले के पीछे की वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और पूरे मामले की जांच जारी है.
मामला दर्ज, आरोपितों की तलाश शुरू
पुलिस पर हमले के मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. घटना में शामिल आरोपितों की पहचान की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है. पुलिस अधिकारियों ने कहा कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
