औरंगाबाद पुलिस का एक्शन : हसपुरा में 354 लीटर अंग्रेजी शराब के साथ पिकअप जब्त, पुलिस को देखते ही भागा तस्कर
जिले के हसपुरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने शराब तस्करों के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में विदेशी शराब की खेप पकड़ी है.
औरंगाबाद. जिले के हसपुरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने शराब तस्करों के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में विदेशी शराब की खेप पकड़ी है. पुलिस ने रविवार रात हसपुरा-पचरुखिया रोड पर उचित बिगहा स्थित एक धर्म कांटा के पास से 354 लीटर अंग्रेजी शराब और उसे ढोने वाले पिकअप वाहन को जब्त कर लिया है. हालांकि, पुलिस को चकमा देकर मुख्य तस्कर मौके से भागने में सफल रहा.
गुप्त सूचना पर बिछाया था जाल
हसपुरा थानाध्यक्ष दिनेश कुमार ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि उचित बिगहा इलाके में अंग्रेजी शराब की एक बड़ी खेप पहुंचने वाली है. इस पक्की सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने जाल बिछाकर इलाके की घेराबंदी शुरू कर दी. जैसे ही संदिग्ध पिकअप वाहन वहां पहुंचा, पुलिस ने उसे रोकने की कोशिश की. पुलिस को सामने देखते ही शराब का धंधेबाज वाहन वहीं छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया.
40 कार्टन शराब और वाहन मालिक की हुई पहचान
फरार होने के बाद जब पुलिस ने पिकअप वाहन की तलाशी ली, तो उसमें से 40 कार्टन में रखी कुल 354 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद हुई. पुलिस ने शराब और पिकअप दोनों को तुरंत जब्त कर लिया. जांच में पता चला है कि जब्त किया गया पिकअप वाहन रोहतास जिले के बिक्रमगंज (वार्ड संख्या 23) निवासी सुलेमान चौधरी के बेटे सुल्तान अहमद का है. वहीं, मौके से फरार हुए शराब तस्कर की स्पष्ट पहचान उचित बिगहा निवासी देवेंद्र सिंह के बेटे धर्मेंद्र कुमार के रूप में कर ली गई है. पुलिस ने वाहन मालिक सुल्तान अहमद और फरार तस्कर धर्मेंद्र कुमार दोनों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए आगे की कानूनी कार्रवाई तेज कर दी गई है.
रिपोर्ट : सत्यदेव सिंहB