एनडीए के घटक दलों के बीच आपसी समन्वय को मजबूत करने और आम जनता की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण को लेकर सोमवार को जिला अतिथिगृह में महत्वपूर्ण बैठक की गई. गठबंधन की एकजुटता, संगठनात्मक मजबूती और जनहित से जुड़े मुद्दों पर मिलकर काम करने पर विशेष जोर दिया गया.
बैठक का आयोजन लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के निर्देश पर तथा ओबरा विधायक प्रकाश चंद्रा के मार्गदर्शन में किया गया. अध्यक्षता आरएलएम के जिलाध्यक्ष अरुण कुमार ने की, जबकि संचालन लोजपा (रामविलास) युवा प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने किया.
संबोधित करते हुए लोजपा (रामविलास) के जिलाध्यक्ष चंद्रभूषण सिंह ने कहा कि एनडीए की मजबूती के लिए सभी घटक दलों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर संवाद, तालमेल और सहयोग आवश्यक है. उन्होंने कहा कि गठबंधन के सभी साथी एकजुट होकर जनता के बीच जाएं और जनहित से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाएं.
उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सभी की प्राथमिकता होनी चाहिए. आम लोगों की समस्याओं को संबंधित विभागों एवं प्रशासन तक पहुंचाकर उनके समाधान के लिए सामूहिक प्रयास किए जाएं, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानियों का सामना नहीं करना पड़े.
बैठक में विभिन्न घटक दलों के प्रतिनिधियों ने भी अपने विचार रखे और संगठनात्मक समन्वय, आपसी सहयोग तथा जनसमस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव दिए. वक्ताओं ने कहा कि एनडीए की वास्तविक ताकत उसकी एकजुटता और जनता के प्रति जवाबदेही में निहित है.
बैठक के अंत में सभी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने आपसी समन्वय को और मजबूत करने तथा जनहित के मुद्दों पर मिलकर काम करने का संकल्प लिया.
बैठक में विधि प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह, महिला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष रंजू वर्मा, हम के जिलाध्यक्ष हरेंद्र कुमार सिंह, प्रखंड अध्यक्ष अशोक, रोशन कुमार सिंह, रॉकी कुमार, पवन कुमार, बिजेंद्र पासवान, जिला उपाध्यक्ष शक्ति सिंह, जिला सचिव सहित एनडीए के विभिन्न घटक दलों एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारी उपस्थित थे.
